बिजनेस
शेयर बाजार में 5.9 लाख करोड़ डूबे
नई दिल्ली :
महंगे कच्चे तेल और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली का दबाव रहा। सेंसेक्स 707.72 अंक यानी 0.97% गिरकर 72,064 के इंट्राडे निचले स्तर पर पहुंच गया। NSE निफ्टी50 भी 0.92% टूटकर 22,569.65 पर आ गया। इस गिरावट से निवेशकों की संपत्ति करीब 5.9 लाख करोड़ रुपये घट गई। BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण सोमवार के 4,75,43,563.07 करोड़ रुपये से घटकर 4,69,53,969.87 करोड़ रुपये रह गया। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में Sun Pharma और IndiGo को छोड़कर सभी शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी50 में 45 शेयरों में गिरावट रही, जबकि केवल पांच शेयर बढ़त में थे। व्यापक बाजार में भी दबाव रहा। Nifty Midcap 100 और Smallcap 100 में 1% से ज्यादा की गिरावट आई। Nifty 100 में 0.89%, Nifty 200 में 0.92% और Nifty 500 में 0.94% की गिरावट दर्ज हुई। Nifty Midcap 150 भी करीब 1% गिरकर तीन महीने के निचले स्तर से नीचे आ गया। सेक्टरों में Pharma और Healthcare को छोड़कर सभी सूचकांक कमजोर रहे। बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव रहा, जबकि Auto तथा Oil & Gas में भी 1% से अधिक की गिरावट आई।

