बिजनेस
शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, निफ्टी 96 अंक टूटा
मुंबई :
कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, ऊंचे वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल और विदेशी निवेशकों की भारी बिकवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। हालांकि, शुरुआती कारोबार में बाजार में अच्छी तेजी दिखी, लेकिन अंतिम दौर की बिकवाली ने बढ़त को पूरी तरह खत्म कर दिया। सेंसेक्स 48.78 अंक टूटकर 72,480.29 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 533.16 अंक चढ़कर 73,062.23 के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया था। वहीं निफ्टी 95.75 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 22,620.45 पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में इटर्नल, सन फार्मा, टाइटन, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक में सबसे ज्यादा दबाव रहा। दूसरी ओर कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंटरग्लोब एविएशन और एक्सिस बैंक के शेयर बढ़त में रहे।जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली और कच्चे तेल की कीमतों में दोबारा तेजी से बाजार की राहत सीमित हुई। उनके अनुसार, ऊंचा वैश्विक बॉण्ड प्रतिफल जोखिम लेने की क्षमता पर दबाव डाल रहा है और निवेशक तेल कीमतों, मुद्रास्फीति तथा वैश्विक मौद्रिक नीति के असर पर नजर रख रहे हैं।

