पुरानी कारों की बिक्री में लाभ होने पर ही देना होगा जीएसटी

पुरानी कारों की बिक्री में लाभ होने पर ही देना होगा जीएसटी
Published on

नयी दिल्लीः पुराने वाहन की बिक्री पर माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विक्रेता को मार्जिन यानी लाभ होने पर ही देना होगा। मामले से जुड़े एक जानकार ने यह जानकारी दी। यदि कोई व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति को पुरानी कार बेचता है, तो उस पर जीएसटी नहीं लगेगा।

क्या है मामलाः पिछले सप्ताह अपनी बैठक में जीएसटी परिषद ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सहित सभी पुराने यानी 'सेकेंड हैंड' वाहनों की बिक्री पर जीएसटी की 18 प्रतिशत की एकल दर निर्धारित करने का निर्णय लिया। पहले अलग-अलग दरें लगाई जाती थी। मामले से जुड़े जानकार ने कहा कि जहां पंजीकृत इकाई ने आयकर अधिनियम 1961 की धारा 32 के तहत मूल्यह्रास का दावा किया है, ऐसी स्थिति में जीएसटी केवल आपूर्तिकर्ता के 'मार्जिन' वाले मूल्य पर देना होगा। 'मार्जिन' मूल्य ऐसे सामान की आपूर्ति के लिए प्राप्त कीमत और मूल्यह्रास मूल्य के बीच का अंतर है। जहां ऐसा 'मार्जिन' मूल्य नकारात्मक है, वहां कोई जीएसटी नहीं लगेगा।

कैसे होगा कैलकुलेशनः कोई पंजीकृत इकाई 20 लाख रुपये की खरीद कीमत वाले किसी पुराने या सेकेंड हैंड वाहन को 10 लाख रुपये में बेच रही है और उसने आयकर अधिनियम के तहत उसपर आठ लाख रुपये के मूल्यह्रास का दावा किया है, तो उसे कोई जीएसटी नहीं देना होगा। कारण यह है कि आपूर्तिकर्ता का बिक्री मूल्य 10 लाख रुपये है और जबकि मूल्यह्रास के बाद उस वाहन की मौजूदा कीमत 12 लाख रुपये बैठती है। इस तरह विक्रेता को बिक्री पर कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उपरोक्त उदाहरण में मूल्यह्रास के बाद मूल्य 12 लाख रुपये पर समान रहता है और बिक्री मूल्य 15 लाख रुपये है, तो आपूर्तिकर्ता के 'मार्जिन' यानी तीन लाख रुपये पर 18 प्रतिशत की दर से जीएसटी देना होगा। यदि कोई पंजीकृत इकाई किसी व्यक्ति को पुराना वाहन 10 लाख रुपये में बेच रही है और पंजीकृत इकाई द्वारा वाहन की खरीद कीमत 12 लाख रुपये थी, तो उसे 'मार्जिन' के रूप में कोई जीएसटी देने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि इस मामले में आपूर्तिकर्ता का 'मार्जिन' नकारात्मक है। ऐसे मामलों में जहां वाहन की खरीद कीमत 20 लाख रुपये और बिक्री मूल्य 22 लाख रुपये है, आपूर्तिकर्ता के 'मार्जिन' यानी दो लाख रुपये पर 18 प्रतिशत जीएसटी देना होगा।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in