बिजनेस
कच्चे तेल में उछाल से सोना 1,900 रुपये लुढ़का, चांदी 5,500 रुपये टूटी
नयी दिल्ली :
वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और डॉलर में मजबूती के कारण शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,900 रुपये टूटकर 1,46,100 रुपये प्रति 10 ग्राम सभी करों सहित) पर आ गया। बृहस्पतिवार को इसका भाव 1,48,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। चांदी की कीमत भी 5,500 रुपये गिरकर 2,02,000 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 2,07,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। इस तरह चांदी में लगातार तीसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। इस तरह, 30 सितंबर के बाद से अब तक चांदी की कीमत में 30,000 रुपये यानी करीब 13 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। जिंस बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच चांदी पर दबाव बढ़ा है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में जिंस मामलों के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, “वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के अनुरूप घरेलू बाजार में सोने की कीमतें गिरकर जुलाई की शुरुआत के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गईं।” चॉइस ब्रोकिंग की जिंस विश्लेषक पिंकी यादव ने कहा, \"शेयर बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच पिछले एक महीने में चांदी करीब 14 प्रतिशत गिर गई है। निवेशक प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए कीमती धातुओं में अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं। \" उन्होंने कहा कि डॉलर में मजबूती, बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण महंगाई की लगातार बनी आशंकाओं ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ाकर करीब 115 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचा दिया है। इससे ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंचे स्तर पर बने रहने की आशंका बढ़ी है, जिससे सोने और चांदी की कीमतों पर और दबाव पड़ा है। वैश्विक बाजार में हाजिर सोने की कीमत गिरकर 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे आ गई। हालांकि, बाद में इसमें सुधार हुआ और यह 4,024.37 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर कारोबार कर रहा था। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की हाजिर कीमत 1.41 प्रतिशत गिरकर 53.83 डॉलर प्रति औंस रह गई।

