जम्मू एंड कश्मीर बैंक का शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़ा

जम्मू एंड कश्मीर बैंक का शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़ा
Published on: 

जम्मू एंड कश्मीर बैंक का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 546 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 494 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। जम्मू एंड कश्मीर बैंक ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 4,042 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 3,446 करोड़ रुपये थी। जुलाई-सितंबर तिमाही में बैंक की ब्याज आय बढ़कर 3,727 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 3,292 करोड़ रुपये थी। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) समीक्षाधीन तिमाही में पांच प्रतिशत बढ़कर 1,502 करोड़ रुपये हो गई। बैंक ने कहा कि इसके परिणामस्वरूप उसका लागत-आय अनुपात सुधरकर 56.57 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 60.79 प्रतिशत था। जम्मू एंड कश्मीर बैंक की परिसंपत्ति की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ। सितंबर, 2026 के अंत में सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) घटकर कुल अग्रिम के 2.23 प्रतिशत पर आ गईं, जो एक साल पहले 3.32 प्रतिशत थीं। इसी तरह, शुद्ध एनपीए यानी फंसे कर्ज का अनुपात भी घटकर 0.51 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 0.76 प्रतिशत था। परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार पर बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अमिताव चटर्जी ने कहा कि सकल एनपीए अनुपात में पिछली तिमाही के मुकाबले 0.14 प्रतिशत की गिरावट आई है और यह एक दशक के सबसे निचले स्तर 2.23 प्रतिशत पर आ गया है। इसके अलावा, चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में सालाना आधार पर कुल एनपीए का अनुपात केवल 0.4 प्रतिशत रहा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in