फीचर फोन से बिना इंटरनेट यूपीआई भुगतान की सुविधा, फोनपे ने शुरू की ‘123पे’ सेवा

बिना इंटरनेट यूपीआई भुगतान से फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को नई ताकत, एसएमएस आधारित ‘फोनपे यूपीआई 123पे’ से दूरदराज 2जी क्षेत्रों में भी डिजिटल लेनदेन आसान
कैमरे वाले फीचर फोन में क्यूआर कोड स्कैन करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी
फीचर फोन से बिना इंटरनेट यूपीआई भुगतान की सुविधा, फोनपे ने शुरू की ‘123पे’ सेवा
Published on

नई दिल्ली : डिजिटल भुगतान कंपनी फोनपे ने फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए बिना इंटरनेट यूपीआई भुगतान की सुविधा शुरू की है। कंपनी ने सोमवार को ‘फोनपे यूपीआई 123पे’ सेवा शुरू करने की घोषणा की।

फोनपे के अनुसार, यह सेवा एसएमएस आधारित तकनीक पर काम करती है और सीमित 2जी कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिजाइन की गई है। कंपनी का दावा है कि वह फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को यूपीआई भुगतान की सुविधा देने वाली पहली प्रमुख टीपीएपी कंपनी है। देश में 20 करोड़ से अधिक फीचर फोन उपयोगकर्ता होने का अनुमान है।

सेवा के तहत ग्राहक व्यक्ति से व्यक्ति और व्यक्ति से व्यापारी भुगतान कर सकेंगे। कैमरे वाले फीचर फोन में क्यूआर कोड स्कैन करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इसके अलावा खाते का प्रबंधन, बैंक बैलेंस और लेनदेन का इतिहास देखने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

फोनपे ने नोकिया, एचएमडी, लावा इंटरनेशनल और आईटेल मोबाइल जैसे मोबाइल फोन निर्माताओं के साथ साझेदारी की है। पहली बार सेवा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों की मदद के लिए अंग्रेजी और 12 भारतीय भाषाओं में आवाज आधारित एआई हेल्पलाइन भी शुरू की गई है।

फोनपे के सीईओ समीर निगम ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य डिजिटल भुगतान को स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं से आगे बढ़ाकर देश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।

कंपनी के अनुसार, जुलाई 2026 तक उसके पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 71.5 करोड़ से अधिक थी और व्यापारी नेटवर्क में पांच करोड़ से अधिक भागीदार थे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in