राकेश रंजन
बिजनेस
उबर ने जोमैटो के पूर्व CEO राकेश रंजन को भारत और दक्षिण एशिया का अध्यक्ष नियुक्त किया
उबर से जुड़ने से पहले रंजन शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी एलन ऑनलाइन के CEO थे
नयी दिल्ली :
ऑनलाइन कैब बुकिंग मंच उबर ने जोमैटो के पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश रंजन को उबर इंडिया और दक्षिण एशिया का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति 4 जनवरी, 2027 से प्रभावी होगी। रंजन उबर के एशिया प्रशांत क्षेत्र के महाप्रबंधक डोम टेलर को रिपोर्ट करेंगे। उबर से जुड़ने से पहले रंजन शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी एलन ऑनलाइन के CEO थे। इससे पहले वह 2017 में जोमैटो से जुड़े थे और वहां 8 साल तक काम किया। इस दौरान उन्होंने कंपनी के खाद्य ऑर्डर और डिलिवरी कारोबार के CEO की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने जोमैटो गोल्ड और बिक्री विभाग में भी नेतृत्व की भूमिका निभाई।टेलर ने कहा, ‘3 महीने से अधिक समय तक चली तलाश के बाद राकेश का उबर में स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है। भारत और दक्षिण एशिया उबर के भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।’ यात्राओं की संख्या के लिहाज से भारत, अमेरिका और ब्राजील के बाद उबर का तीसरा सबसे बड़ा बाजार है। वहीं, मंच के जरिये कमाई करने वाले लोगों की संख्या के लिहाज से भारत दुनिया में उसका दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। रंजन ने कहा कि उबर ने ऐसा कारोबार खड़ा किया है जो भारत और दक्षिण एशिया में लोगों के आवागमन और कमाई के लिए महत्वपूर्ण है।

