

नयी दिल्ली : देश का कुल माल एवं सेवा कर (GST) संग्रह अक्टूबर में सालाना आधार पर 23% बढ़कर 2.31 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। घरेलू गतिविधियों और आयात से होने वाले राजस्व में मजबूत वृद्धि के चलते GST संग्रह में यह उछाल दर्ज किया गया है। सरकार की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।
आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में घरेलू बिक्री से GST संग्रह 16% बढ़कर 1.59 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। वहीं, आयात से प्राप्त राजस्व में 42% की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और यह बढ़कर 72,246 करोड़ रुपये हो गया।
अक्टूबर के कुल GST संग्रह में केंद्रीय GST (CGST) का योगदान 42,935 करोड़ रुपये, राज्य GST (SGST) का 51,340 करोड़ रुपये और एकीकृत GST (IGST) का योगदान 1.37 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा>; इस दौरान GST रिफंड भी सालाना आधार पर 6.5% प्रतिशत बढ़कर 27,934 करोड़ रुपये हो गया।
रिफंड के समायोजन के बाद अक्टूबर में शुद्ध GST संग्रह 26% की वृद्धि के साथ 2.03 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर के दौरान सकल GST संग्रह 13.2% बढ़कर 14.77 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। वहीं, इस अवधि में शुद्ध GST संग्रह 13% की वृद्धि के साथ 12.69 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है।