यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क नहीं लगेगा

यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर शुल्क नहीं लगेगा
Published on: 

नयी दिल्ली : यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) मंच के जरिये लेनदेन पर कोई ‘मर्चेंट डिस्काउंट रेट’ (एमडीआर) नहीं लेने की वित्त मंत्रालय ने जानकारी दी है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मंत्रालय ने कहा, ‘ यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर वसूले जाने की अटकलें और दावे पूरी तरह से झूठे, निराधार एवं भ्रामक हैं। इस तरह की निराधार और सनसनी फैलाने वाली अटकलें हमारे नागरिकों के बीच अनावश्यक अनिश्चितता, भय व संदेह उत्पन्न करती हैं। सरकार यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’ मंत्रालय का यह स्पष्टीकरण उन खबरों के बाद आया है, जिनमें दावा किया गया था कि सरकार बड़े यूपीआई लेनदेन पर एमडीआर लगाने की योजना बना रही है।

क्या है एमडीआर : एमडीआर वह लागत है जो व्यापारी द्वारा बैंक को अपने ग्राहकों से डिजिटल माध्यम से भुगतान स्वीकार करने के लिए चुकाई जाती है। व्यापारी छूट दर लेनदेन राशि के प्रतिशत में व्यक्त की जाती है।

पीआई के माध्यम से लेनदेन : भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मई में यूपीआई के माध्यम से लेनदेन 25.14 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले महीने की तुलना में पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। अप्रैल में यूपीआई लेनदेन का मूल्य 23.94 लाख करोड़ रुपये था। मात्रा के संदर्भ में, मई में 1,867.7 करोड़ लेनदेन हुए, जबकि पिछले महीने 1,789.3 करोड़ लेनदेन हुए थे। मई में लेनदेन का मूल्य एक वर्ष पूर्व की समान अवधि के 20.44 लाख करोड़ रुपये की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News