प्रमुख कंपनियों में खरीदारी से उछला शेयर बाजार

कच्चे तेल के दाम 110 डॉलर प्रति बैरल के पार चले जाने से तेजी पर लगाम
Internet
स्थानीय शेयर बाजार
Published on

मुंबई : एशियाई बाजारों में मजबूती और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, वाहन एवं दूरसंचार शेयरों में लिवाली के बीच बुधवार को घरेलू बाजार चढ़कर बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 609.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत उछलकर 77,496.36 अंक अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 1,095.6 अंक तक चढ़ गया था। एनएसई का निफ्टी 181.95 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 24,177.65 अंक पर पहुंच गया।

क्या रहा कारण : रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, बाजार में तेजी के पीछे तिमाही नतीजों से जुड़ी उम्मीद और चुनिंदा प्रमुख कंपनियों में खरीदारी प्रमुख कारण रहे। हालांकि कच्चे तेल के दाम 110 डॉलर प्रति बैरल के पार चले जाने से तेजी पर लगाम रही। वैश्विक स्तर पर ब्रेंट क्रूड 2.85 प्रतिशत बढ़कर 114.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

क्या रही स्थिति : सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईटीसी लिमिटेड, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर चढ़कर बंद हुए। दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट देखी गई। प्रमुख वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी का शेयर सकारात्मक नतीजों के बाद 2.82 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ। बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.75 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.49 प्रतिशत की गिरावट आई।

क्षेत्रवार सूचकांक : क्षेत्रवार सूचकांकों में दैनिक उपभोग के सामान (एफएमसीजी) खंड में सर्वाधिक 1.57 प्रतिशत की तेजी रही जबकि रियल्टी खंड में 1.42 प्रतिशत, दूरसंचार खंड में 1.28 प्रतिशत और ऊर्जा खंड में 1.14 प्रतिशत की बढ़त रही। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि जापान के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in