घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या आठ प्रतिशत बढ़ी

घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या आठ प्रतिशत बढ़ी
Published on: 

नयी दिल्ली : भारतीय एयरलाइन कंपनियों ने अप्रैल में घरेलू मार्गों पर सालाना आधार पर 8.45 प्रतिशत अधिक 143.6 लाख यात्रियों को सेवाएं प्रदान कीं। डीजीसीए ने अपनी मासिक रिपोर्ट में कहा, ‘ जनवरी-अप्रैल, 2025 के दौरान घरेलू एयरलाइन कंपनियों ने 575.13 लाख यात्रियों की आवाजाही सुनिश्चित की। पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 523.46 लाख था। इसमें वार्षिक आधार पर 9.87 प्रतिशत और मासिक आधार पर 8.45 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।’ घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या अप्रैल में 143.16 लाख रही जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 132 लाख थी।

किसकी कितनी रही हिस्सेदारी : नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, घरेलू हवाई यातायात में इंडिगो की हिस्सेदारी सबसे अधिक 64.1 प्रतिशत रही। इसके बाद एयर इंडिया समूह (27.2 प्रतिशत), अकासा एयर (पांच प्रतिशत) और स्पाइसजेट (2.6 प्रतिशत) का स्थान रहा।

कितनी रही ओटीपी : घरेलू एयरलाइन कंपनियों के ‘ऑन टाइम परफॉर्मेंस’ (ओटीपी) में बेंगलुरु, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई के चार महानगर हवाई अड्डों की गणना की गई। इंडिगो का ओटीपी क्रमशः 80.8 प्रतिशत, जबकि अकासा एयर तथा एयर इंडिया समूह का ओटीपी क्रमशः 77.5 प्रतिशत और 72.4 प्रतिशत रहा।स्पाइसजेट का ओटीपी सबसे कम 60 प्रतिशत रहा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News