

कोलकाता : टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने Google Cloud के साथ मिलकर कोलकाता में Gemini Experience Centre (GEC) की शुरुआत की है। यह केंद्र उपभोक्ता कारोबार से जुड़ी कंपनियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित समाधान विकसित करने, उनकी जांच करने और बड़े स्तर पर लागू करने में मदद करेगा। यह उद्योग-विशिष्ट AI इनोवेशन हब के वैश्विक विस्तार का हिस्सा है।
Google Cloud और Google के Gemini मॉडल पर आधारित यह केंद्र भारत में TCS का तीसरा Gemini Experience Centre है। इससे पहले ऐसे केंद्र चेन्नई और बेंगलुरु में शुरू किए जा चुके हैं। कंपनी का लक्ष्य 2026 के अंत तक दुनिया भर में ऐसे 10 केंद्र स्थापित करना है, जिनमें चार भारत में होंगे।
कोलकाता स्थित यह केंद्र रिटेल, उपभोक्ता वस्तु (CPG), यात्रा, पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की कंपनियों को AI आधारित समाधान तैयार करने और उन्हें बड़े पैमाने पर लागू करने में सहयोग देगा। यहां स्टोर संचालन, सप्लाई चेन प्रबंधन, ओम्नी-चैनल रिटेल और ग्राहक सेवा से जुड़े एजेंटिक AI समाधानों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, कंपनियों के साथ मिलकर नई AI तकनीकों पर काम करने के लिए को-इनोवेशन वर्कशॉप भी आयोजित होंगी।
TCS ने बताया कि उसने Gemini Enterprise प्लेटफॉर्म पर 3,000 से अधिक उद्योग-विशिष्ट और संदर्भ आधारित AI एजेंट विकसित किए हैं। इनमें रिटेल, उपभोक्ता वस्तु, ट्रैवल, ट्रांसपोर्टेशन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्रों के लिए विशेष समाधान शामिल हैं।
Google Cloud इंडिया में पार्टनरशिप्स के निदेशक शिविर चोरड़िया ने कहा कि यह केंद्र उपभोक्ता कारोबार से जुड़ी कंपनियों में एजेंटिक AI को तेजी से अपनाने और अगली पीढ़ी के AI समाधानों के विकास में मदद करेगा। वहीं, TCS के कंज्यूमर बिजनेस ग्रुप के मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी मुरली रामनाथन ने कहा कि यह पहल कंपनियों को AI के शुरुआती प्रयोगों से आगे बढ़ाकर एंटरप्राइज स्तर पर AI अपनाने में सहयोग देगी।