इसी साल एपीएल अपोलो ट्यूब्स का अधिग्रहण कर लेगी टाटा स्टील
नयी दिल्ली :
टाटा स्टील चालू वित्त वर्ष में एपीएल अपोलो ट्यूब्स के अधिग्रहण से जुड़े सभी लेनदेन पूरे करने की योजना बना रही है। कंपनी के एक बयान में यह जानकारी दी गई। टाटा समूह की कंपनी ने सोमवार को कहा कि वह एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड में प्रवर्तकों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 15,510 करोड़ रुपये में खरीदेगी।
इसके अलावा, खुली पेशकश के जरिये कंपनी की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी 16,756 करोड़ रुपये में हासिल की जाएगी। ये सौदे जरूरी मंजूरियां मिलने पर निर्भर हैं। टाटा स्टील ने बयान में कहा, ‘उसे आने वाले महीनों में ये मंजूरियां मिलने और वित्त वर्ष 2026-27 के भीतर सभी संबंधित लेनदेन पूरे होने की उम्मीद है।
’ इस सौदे से टाटा स्टील की स्टील ट्यूब और 'कलर-कोटेड' उत्पादों की उत्पादन क्षमता मौजूदा 25 लाख टन सालाना से बढ़कर 75 लाख टन सालाना हो जाएगी। टाटा स्टील के मुख्य वित्त अधिकारी एवं कार्यकारी निदेशक कौशिक चटर्जी ने कहा कि कंपनी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद इस सौदे को पूरा करने की योजना पर काम कर रही है।
चटर्जी ने सोमवार को कहा कि कंपनी अपनी हिस्सेदारी खरीदने के लिए जरूरी धन की व्यवस्था आंतरिक स्रोतों से करेगी। खुली पेशकश पर शेयरधारकों की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा, अपोलो के खाते में हस्तांतरित कारोबार के लिए अलग से वित्तपोषण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सौदा या खुली पेशकश पूरी होने के बाद इस बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

