टाटा स्टील
बिजनेस
टाटा स्टील ने ब्रिटेन के बाजार के लिए सरकारी मदद मांगी : नरेंद्रन
‘उन्होंने आयात की छूट पहले ही बंद कर दी है, लेकिन ब्रिटेन के बाजार में पहले से ही इस्पात का भंडार जमा है
जमशेदपुर :
टाटा स्टील वैश्विक तनाव, युद्ध और चीन से जरूरत से अधिक इस्पात की भारी आपूर्ति के कारण वैश्विक इस्पात कारोबार में उथल-पुथल के बीच ब्रिटेन में आयातित इस्पात के बड़े भंडार से निपटने के लिए सरकार के हस्तक्षेप की मांग कर रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) टी. वी. नरेंद्रन ने एक साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका और यूरोपीय संघ द्वारा व्यापार बाधाएं बढ़ाए जाने के बाद मूल रूप से इन बाजारों के लिए भेजा जाने वाला इस्पात ब्रिटेन की ओर मोड़ दिया गया था। उस समय ब्रिटेन में बिना किसी पाबंदी के आयात की अनुमति थी। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने आयात की छूट पहले ही बंद कर दी है, लेकिन ब्रिटेन के बाजार में पहले से ही इस्पात का भंडार जमा है। इसलिए हम ब्रिटेन सरकार के साथ इस बारे में विशेष बातचीत कर रहे हैं कि वह बाजार को किस तरह समर्थन दे सकती है।’ इसी बीच, कंपनी अपने नीदरलैंड संयंत्र को स्वच्छ इस्पात निर्माण में बदलने के लिए सरकारी सहायता हासिल करने के वास्ते वहां की सरकार के साथ बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा, ‘संयंत्र में हरित बदलाव की प्रक्रिया चल रही है, जो सरकार के समर्थन और वित्तपोषण के बिना संभव नहीं है।’
हर महीने 28 करोड़ टन लोहा झोंक रहा चीन
इन क्षेत्रीय व्यापार दबावों के अलावा चीन से जरूरत से अधिक आपूर्ति का भारी बोझ भी है, जिससे सालाना 40 करोड़ टन के सीमा पार इस्पात कारोबार में उथल-पुथल मची हुई है।उन्होंने कहा कि चीन हर महीने करीब एक करोड़ टन तैयार इस्पात यानी सालाना 13 करोड़ टन इस्पात का निर्यात करने के अलावा 15 करोड़ टन अन्य ‘इस्पात उत्पादों’ से भी वैश्विक बाजारों को भर रहा है। नरेंद्रन ने कहा, ‘इसका मतलब है कि वैश्विक बाजारों पर कुल 28 करोड़ टन का असर पड़ रहा है, जिससे वैश्विक व्यापार प्रभावित हो रहा है।’ उन्होंने कहा कि आपूर्ति में इस तेजी के कारण बड़ी अर्थव्यवस्थाओं को अपने इस्पात विनिर्माताओं की सुरक्षा के उपाय करने पड़े हैं। उन्होंने कहा कि यूरोप में पिछले करीब दो दशक से इस्पात की मांग लगभग स्थिर बनी हुई है। वहां नियामकों ने घरेलू इस्पात निर्माताओं की सुरक्षा के लिए आयात कोटा आधा करके 3 करोड़ टन से 1.5 करोड़ टन कर दिया है और कार्बन सीमा कर भी लागू किया है।
अंतरराष्ट्रीय माहौल का भी असर
नरेंद्रन ने कहा कि इस्पात उद्योग भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील है, क्योंकि यह कच्चे माल और तैयार उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के पार आवाजाही पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में संघर्ष से समुद्री माल ढुलाई की दरें बढ़ी हैं, जबकि रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण कच्चे माल की लागत लगातार ऊंची बनी हुई है। नरेंद्रन ने कहा कि कीमतों में गिरावट के दौर में टिके रहने के लिए कंपनियों को लागत घटाने और दक्षता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘हमारे जैसे उतार-चढ़ाव वाले उद्योग में सबसे आखिर तक टिके रहना बहुत महत्वपूर्ण है। यदि इस्पात की कीमतें गिरती हैं, तो हमारे पास इतनी दक्षता होनी चाहिए कि हम प्रतिस्पर्धी बने रहें और लाभ कमा सकें।’ लागत नियंत्रण के साथ-साथ टाटा स्टील वाहन उद्योग के लिए इस्पात, टिनप्लेट पैकेजिंग और विशेष किस्म के पाइप जैसे उच्च गुणवत्ता वाले मूल्यवर्धित उत्पादों पर ध्यान दे रही है। इनकी मांग गुणवत्ता के प्रति सजग ग्राहक करते हैं और इससे वैश्विक जिंस कीमतों में अचानक उतार-चढ़ाव के असर से लाभ मार्जिन को बचाने में मदद मिलती है। नरेंद्रन ने कहा, ‘कोई भी इस्पात बना सकता है लेकिन हर कोई बहुत उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात नहीं बना सकता।’ उन्होंने कहा कि यूरोप में इस्पात की खपत स्थिर रहने के कारण टाटा स्टील वहां नई उत्पादन क्षमता स्थापित करने के बजाय मौजूदा संयंत्रों को बनाए रखने और उन्हें स्वच्छ इस्पात निर्माण में बदलने के लिए पूंजी खर्च कर रही है।
हरित इस्पात के लिए तीन शर्तें
नरेंद्रन ने बताया कि हरित इस्पात का उत्पादन आर्थिक रूप से तभी व्यवहार्य होगा, जब तीन शर्तें पूरी होंगी : सरकार से वित्तीय सहायता मिले, कंपनी निवेश करे और ग्राहक स्वच्छ इस्पात के लिए अधिक कीमत देने को तैयार हों। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में नई स्वच्छ प्रौद्योगिकियों को अपनाने में भी लागत की बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस्पात निर्माण के लिए महत्वपूर्ण स्वच्छ ईंधन हरित हाइड्रोजन की कीमत घटकर करीब दो डॉलर प्रति किलोग्राम होनी चाहिए, तभी इस्पात कंपनियों के लिए इसका इस्तेमाल किफायती होगा। हालांकि, अभी दुनिया में कहीं भी यह कीमत उपलब्ध नहीं है। नरेंद्रन ने कहा कि अपने वैश्विक संयंत्रों में लागत घटाने और गुणवत्ता सुधारने के लिए टाटा स्टील ने पिछले एक दशक में डिजिटल उपकरणों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी फिलहाल अपने परिचालन में कृत्रिम मेधा (एआई) के 600 से 700 मॉडल का इस्तेमाल कर रही है। इसके लिए मजबूत डेटा प्रणाली और सभी स्तरों पर कर्मचारियों को डिजिटल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘नीदरलैंड और भारत में हमारे संयंत्रों को उन्नत विनिर्माण प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल के लिए विश्व आर्थिक मंच की ‘ग्लोबल लाइटहाउस’ मान्यता मिली है।’

