22,006 करोड़ के दावे के बीच 6.5 करोड़ के पुनर्भुगतान पर घिरे सुभाष चंद्रा, NCLAT में उठाए सवाल

व्यक्तिगत दिवाला मामले में एनसीएलटी की पांच सदस्यीय पीठ पर सुभाष चंद्रा की आपत्ति, 22,006 करोड़ के दावे के बीच अधिकार क्षेत्र पर बहस तेज
वकील सस्मित पात्रा ने कहा कि एनसीएलटी को ऐसी बड़ी पीठ गठित करने का अधिकार नहीं है और इसका आदेश ‘त्रुटिपूर्ण और गलत’ है।
22,006 करोड़ के दावे के बीच 6.5 करोड़ के पुनर्भुगतान पर घिरे सुभाष चंद्रा, NCLAT में उठाए सवाल
Published on

नई दिल्ली : एस्सेल समूह के चेयरमैन सुभाष चंद्रा ने अपने व्यक्तिगत दिवाला मामले की सुनवाई के लिए राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की पांच सदस्यीय पीठ गठित किए जाने का बुधवार को राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) में विरोध किया। उनके वकील सस्मित पात्रा ने कहा कि एनसीएलटी को ऐसी बड़ी पीठ गठित करने का अधिकार नहीं है और इसका आदेश ‘त्रुटिपूर्ण और गलत’ है।

चंद्रा ने 6.5 करोड़ में निपटारे का दिया था प्रस्ताव

यह विवाद चंद्रा की करीब 22,006 करोड़ रुपये के ऋणदाता दावों से जुड़े व्यक्तिगत गारंटी मामले का है। चंद्रा ने करीब 6.5 करोड़ रुपये में निपटारे का प्रस्ताव दिया था। एनसीएलटी की पांच सदस्यीय पीठ ने मंगलवार को सदस्य (न्यायिक) निलेश शर्मा के आदेश पर रोक लगा दी थी और मामले की अगली सुनवाई 23 सितंबर को तय की थी।

पांच सदस्यीय पीठ गठित करने का अधिकार नहीं

एनसीएलएटी में पात्रा ने कंपनी अधिनियम की धारा 419(5) और (6) का हवाला देते हुए कहा कि अलग-अलग राय होने पर मामले को दूसरे सदस्य या सदस्यों के पास भेजा जा सकता है, लेकिन इससे पांच सदस्यीय पीठ गठित करने का अधिकार नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि अशोक कुमार भारद्वाज और निलेश शर्मा की राय पात्रता और पुनर्भुगतान योजना के प्रमुख मुद्दों पर मूलतः समान थी। वहीं, ऋणदाताओं की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मामले में तीन अलग-अलग विचार सामने आए हैं और असामान्य परिस्थितियों को देखते हुए बड़ी पीठ से सुनवाई उचित है।

7 अक्टूबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध हुआ मामला

चंद्र की ओर से पेश अधिवक्ता सस्मित पात्रा ने कहा कि मामले की सुनवाई एक तरह के ‘मीडिया ट्रायल’ में बदल गई, जिससे उनके मुवक्किल की प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। हालांकि, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि NCLAT की कार्यवाही का इस्तेमाल मीडिया में बयान देने के लिए नहीं किया जा सकता।

चंद्रा के वकील ने यह भी कहा कि प्रस्तावित 6.5 करोड़ रुपये के भुगतान को लेकर उन्हें सार्वजनिक रूप से बदनाम किया जा रहा है, जबकि योजना को मंजूरी देने वाला कोई अंतिम आदेश नहीं है। एनसीएलएटी ने कहा कि इस शिकायत को एनसीएलटी के समक्ष उठाया जा सकता है। अंततः अपीलों को लंबित रखते हुए मामले को 7 अक्टूबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया गया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in