Mumbai
शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़ा

शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़ा, सेंसेक्स 308 अंक उछला

IT कंपनियों और खुदरा कंपनी ट्रेंट के शेयरों में जोरदार लिवाली
Published on: 

मुंबई : सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कंपनियों और खुदरा कंपनी ट्रेंट के शेयरों में जोरदार लिवाली के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत चढ़कर 74,459.53 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 591.55 अंक बढ़कर 74,742.59 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,053.10 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में ट्रेंट का शेयर सर्वाधिक 5.20 प्रतिशत चढ़ गया। टाटा समूह की खुदरा कंपनी ने गुरुवार को बताया था कि सितंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 25 प्रतिशत बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। राजस्व में वृद्धि और परिचालन क्षमता में सुधार से महंगाई के माहौल में भी कंपनी की आय को समर्थन मिला। इसके अलावा, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), इन्फोसिस, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, इटर्नल, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट रही।साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में 1,335.7 अंक यानी 1.82 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई जबकि एनएसई निफ्टी में कुल 453.1 अंक यानी 2 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। हालांकि, व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 2.09 प्रतिशत फिसल गया जबकि मझोली कंपनियों के बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.63 प्रतिशत की गिरावट रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में फोकस आईटी खंड में सर्वाधिक 1.91 प्रतिशत की तेजी रही जबकि आईटी खंड में 1.53 प्रतिशत, अस्पताल खंड में 1.05 प्रतिशत और स्वास्थ्य देखभाल खंड में 0.95 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि आवासीय वित्त खंड में 2.90 प्रतिशत की गिरावट रही।ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा, ‘कच्चे तेल की कीमतों से जुड़ी चिंताओं के बावजूद घरेलू बाजार लगातार दूसरे दिन चढ़कर बंद हुए। एशियाई बाजारों में एआई शेयरों में भारी बिकवाली के बीच निवेशकों ने आईटी खंड में तगड़ी लिवाली की। इसके अलावा ट्रेंट के शेयरों में भी खासी तेजी रही।’ वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 2.17 प्रतिशत उछलकर 117.4 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 943.60 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त में रहा। यूरोप के ज्यादातर बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News