चांदी की कीमत दबाव में
बिजनेस
1980 के शीर्ष स्तर से भी नीचे खिसकी चांदी
चांदी की कीमत 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर 45.46 डॉलर प्रति औंस पर आ गई
नयी दिल्ली :
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमत लगातार सातवें दिन गिरावट के साथ 2,800 रुपये टूटकर 1,35,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वैश्विक बाजारों में लगातार बिकवाली के बीच कीमतों में गिरावट आई। मंगलवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,38,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत भी दबाव में रही और 5,000 रुपये टूटकर 1,64,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। मंगलवार को इसका भाव 1,69,500 रुपये प्रति किलोग्राम था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में यह 1980 के शीर्ष स्तर से भी नीचे खिसक गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 78.71 डॉलर यानी 2.04 प्रतिशत टूटकर 3,770.54 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी की कीमत 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर 45.46 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।46 साल पहले जैसा क्रैशजनवरी 1980 में हंट ब्रदर्स द्वारा की गई सट्टेबाजी और भारी खरीद के कारण चांदी की कीमत लगभग 50 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस (करीब 49.45 डॉलर) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी, लेकिन मार्च 1980 में ‘सिल्वर थर्सडे’ की भारी गिरावट के बाद दाम काफी नीचे आ गए थे। अब फिर वैसा ही क्रैश आया है। चांदी 61 प्रतिशत टूट गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसके दाम साढ़े 45 डॉलर से भी नीचे पहुंच गए। यह 1980 के शीर्ष स्तर यानी 50 डॉलर प्रति औंस से भी कम है। हालांकि रुपये में यह 1980 से सस्ती नहीं है। यह अंतर डॉलर और रुपये की कीमत में बदलाव के कारण है।
आखिर क्यों आ रही इतनी गिरावट?
बैंक ऑफ अमेरिका (बीओएफए) की नई रिपोर्ट में बताया गया है कि चांदी की कीमतों को मजबूत अमेरिकी डॉलर, महंगे कच्चे तेल और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें बढ़ाने का डर सता रहा है। चांदी का अंतरराष्ट्रीय कारोबार अमेरिकी डॉलर में होता है, डॉलर मजबूत होने पर दूसरी करेंसी में चांदी खरीदना महंगा पड़ता है, ऐसे में खरीदारी कम होने लगती है। वहीं, दूसरी ओर क्रूड की कीमतों से दुनियाभर में परेशानी लगातार बढ़ रही है। तेल महंगा रहने से महंगाई की चिंता बढ़ रही है। निवेशक यह देखने लगते हैं कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों को लेकर क्या कदम उठाएगा। अगर ब्याज दरें बढ़ी, तो डॉलर में निवेश ज्यादा फायदे का सौदा हो जाएगा।
अब आगे क्या?
तेज गिरावट के बावजूद बीओएफए बैंक ऑफ अमेरिका की रिपोर्ट में आए अनुमान बताते हैं कि साल 2027 में चांदी 75 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘बुधवार को घरेलू कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट जारी रही और वे पिछले साल दिसंबर के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारी बिकवाली से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।’ उन्होंने कहा कि अमेरिकी बाजारों में कमजोरी ने बिकवाली को और तेज कर दिया, जिससे कीमती धातुओं में मार्जिन संबंधी जरूरतों के चलते बिकवाली हुई।

