आखिरी आधे घंटे में बिकवाली से सेंसेक्स 331 अंक टूटा

बीएसई में सूचीबद्ध 3,033 शेयरों में रही गिरावट
सूचकांक
सूचकांक
Published on

मुंबई : स्थानीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट आई। दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। सतर्क निवेशकों की अंतिम समय में बिकवाली और किसी ठोस संकेतक के अभाव में सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाते हुए 331.21 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 85,000 के नीचे 84,900.71 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 521.81 अंक तक लुढ़क गया था। एनएसई निफ्टी 108.65 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,959.50 अंक पर बंद हुआ। छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.83 प्रतिशत नीचे आया जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप सूचकांक 0.27 प्रतिशत टूटा। बीएसई में सूचीबद्ध 3,033 शेयरों में गिरावट रही जबकि 1,209 लाभ में रहे। वहीं 207 शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे।

क्या रही स्थिति : सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा और एचडीएफसी बैंक लाभ में रहे।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ : जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, एक सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद, सोमवार को बाजार आखिरी आधे घंटे में बिकवाली के कारण गिरावट के साथ बंद हुआ। निफ्टी सूचकांक 26,000 अंक की महत्वपूर्ण सीमा से ऊपर नहीं टिक सका। अमेरिका-भारत के बीच अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने में देरी जैसी चीजों को देखते हुए निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया। आईटी शेयरों में चुनिंदा लिवाली से कुछ समर्थन मिला। अच्छी बात यह है कि दिसंबर में फेडरल रिजर्व की ब्याज दर में कटौती की नई उम्मीद और अमेरिकी रोजगार आंकड़ों में गिरावट के जोखिम के बीच वैश्विक बाजार में उम्मीद बनी हुई है।

अन्य बाजार : एशिया के अन्य बाजारों में, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी गिरावट के साथ बंद हुआ। जापान के शेयर बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.98 प्रतिशत टूटकर 61.95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in