Mumbai
रुपये की तेजी पर विराम

रुपये की तेजी पर लगा विराम, डॉलर के मुकाबले 30 पैसे टूटा

घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच सोमवार को रुपये की 5 दिन से जारी तेजी थम गई
Published on: 

मुंबई :

घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली के बीच सोमवार को रुपये की 5 दिन से जारी तेजी थम गई और यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 30 पैसे लुढ़ककर 92.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी मुद्रा की कमजोरी भी स्थानीय मुद्रा को सहारा देने में नाकाम रही। वैश्विक शेयर बाजारों में आई बड़ी गिरावट के चलते रुपये को दबाव का सामना करना पड़ा। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.47 पर खुला और शुरुआती कारोबार में 92.43 के स्तर तक चढ़ गया। हालांकि, बाद में इसने अपनी बढ़त गंवा दी और दिन के निचले स्तर 93.11 तक लुढ़कने के बाद अंत में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने पिछले बंद भाव से 30 पैसे टूटकर 92.92 (अस्थायी) पर बंद हुआ।

रुपया शुक्रवार को लगातार पांचवें सत्र में मजबूत हुआ था और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 70 पैसे की बढ़त के साथ 92.62 पर बंद हुआ था। मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों में तेज गिरावट के चलते रुपये ने सुबह की बढ़त गंवा दी। हालांकि, अमेरिकी डॉलर में नरमी और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट ने रुपये की बड़ी गिरावट को कुछ हद तक थामे रखा।

चौधरी ने कहा, ‘डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.70 रुपये से 93.30 के दायरे में रहने का अनुमान है।’ इस बीच, 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.69 पर रहा। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.53 प्रतिशत गिरकर 92.08 डॉलर प्रति बैरल पर था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को शुद्ध आधार पर 10,308.42 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News