

मुंबई : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की समयसीमा और भारतीय रिज़र्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा से पहले निवेशकों में चिंता बनी रही, जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव देखा गया। रुपया मंगलवार को 16 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.06 पर बंद हुआ। अस्थिर वैश्विक हालात के बीच विदेशी पूंजी की लगातार निकासी, मजबूत डॉलर और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपया डॉलर के मुकाबले दबाव में बना हुआ है।
क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 93.05 पर खुला। इसके बाद इसमें गिरावट आई और यह 93.12 प्रति डॉलर तक नीचे चला गया। कारोबार के दौरान रुपया 92.86 प्रति डॉलर के उच्च स्तर तक भी गया। कारोबार के अंत में रुपया 93.06 प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 16 पैसे की गिरावट है। भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा सट्टेबाजी पर रोक लगाने और मुद्रा में उतार-चढ़ाव कम करने के लिए उठाए गए कदमों के बाद, सोमवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 28 पैसे मजबूत होकर 92.90 पर बंद हुआ था। आरबीआई ने सट्टेबाजी पर नियंत्रण के लिए नियम सख्त किए हैं और बैंकों की नेट ओपन पोजिशन (बैंकों के पास शुद्ध रूप से रखी जाने वाली विदेशी मुद्रा) की सीमा 10 करोड़ डॉलर तय की है।
डॉलर सूचकांक : दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत घटकर 99.83 पर आ गया।
ब्रेंट क्रूड : अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.61 डॉलर प्रति बैरल रहा।