

मुंबई : अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और विदेशी निवेशकों की ओर से बाजार से सतत निकासी के दबाव में रुपया बुधवार को 49 पैसे लुढ़ककर 92.89 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच वैश्विक बाजारों में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने भी बाजार की धारणा को कमजोर किया।
क्या रही स्थिति : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.42 के भाव पर खुला और अधिकांश समय 92.41-92.89 के दायरे में कारोबार करता रहा। कारोबार के अंत में यह 92.89 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 49 पैसे की जोरदार गिरावट है। इससे पहले मंगलवार को रुपया 92.47 के स्तर को छूने के बाद 92.40 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख अनिल कुमार भंसाली ने कहा, प्रमुख केंद्रीय बैंकों की मौद्रिक समीक्षा बैठक से पहले रुपया नए निचले स्तर पर पहुंच गया।
डॉलर सूचकांक : इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 99.62 पर रहा।
ब्रेंट क्रूड : वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड लगभग स्थिर रुख के साथ 103.4 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।