रुपया 92.40 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार पूंजी निकासी के कारण गिरावट आई
rupee
रुपया
Published on

मुंबई : अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया मंगलवार को 12 पैसे टूटकर अपने सबसे निचले स्तर 92.40 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार पूंजी निकासी के कारण रुपये में यह गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 92.35 पर खुला और दिन के सबसे निचले स्तर 92.47 तक आया। अंत में घरेलू मुद्रा अब तक के सबसे निचले स्तर 92.40 बंद हुई, जो पिछले बंद भाव से 12 पैसे कम है। सोमवार को दो पैसे की मामूली बढ़त के बावजूद, स्थानीय मुद्रा डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब 92.28 पर बंद हुई थी। एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा रुपये ने 13 मार्च को पहली बार दिन के सबसे निचले स्तर 92.47 को छुआ था, जबकि उस दिन यह अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 92.30 पर बंद हुआ था।

गिरावट का मुख्य कारण : मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू मुद्रा में गिरावट का मुख्य कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) द्वारा लगातार पूंजी निकासी है। हालांकि, घरेलू बाजारों में सुधार और अमेरिकी डॉलर की नरमी ने रुपये की तेज गिरावट को सीमित किया। होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की उम्मीद और भारतीय रिजर्व बैंक के हस्तक्षेप से रुपये को निचले स्तर पर सहारा मिल सकता है। चौधरी ने कहा, निवेशक इस सप्ताह फेडरल ओपन मार्केट कमिटी (एफओएमसी), यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी), बैंक ऑफ़ जापान और बैंक ऑफ इंग्लैंड की मौद्रिक नीतियों पर भी नजर रखेंगे। चौधरी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 92.10 रुपये से 92.75 रुपये के दायरे में रहने की उम्मीद है।

डॉलर सूचकांक : दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत बढ़कर 99.52 पर कारोबार कर रहा था।

ब्रेंट क्रूड : अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.65 प्रतिशत बढ़कर 102.86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर था।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in