पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से रुपये में गिरावट

मजबूत अमेरिकी मुद्रा और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी ने भी रुपये पर दबाव डाला
रुपये
रुपये
Published on

मुंबई : पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में फिर से आई तेजी के बीच रुपया 44 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.70 पर बंद हुआ। मजबूत अमेरिकी मुद्रा और घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी ने भी रुपये पर दबाव डाला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 95.43 के भाव पर खुला और कारोबार के दौरान इसने 95.33 के ऊपरी एवं 95.76 के निचले स्तर को छुआ। सोमवार को रुपया 34 पैसे मजबूत होकर 95.26 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

क्या है स्थिति : मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा पश्चिम एशिया में सैन्य कार्रवाई की आशंका से रुपये में कमजोरी का रुख रह सकता है। हालांकि, ऊंचे स्तर से कच्चे तेल के दाम में नरमी आने पर निचले स्तरों पर रुपये को कुछ सहारा मिल सकता है। रुपये के 95.20 से 95.85 के दायरे में रहने की संभावना है।

डॉलर सूचकांक : इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.19 प्रतिशत गिरकर 99.05 पर रहा।

ब्रेंट क्रूड : वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 3.43 प्रतिशत बढ़कर 99.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। यह तेजी अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ नए हमले की खबरों के बीच आई, जिससे होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर समझौते की उम्मीदें कमजोर पड़ती दिखीं।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in