रुपये में लगातार छठे दिन गिरावट

रुपये में लगातार छठे दिन गिरावट
Published on

मुंबई : अमेरिकी डॉलर में मजबूती और विदेशी पूंजी की निकासी के बीच रुपया लगातार छठे कारोबारी सत्र में कमजोर हुआ और तीन पैसे टूटकर 86.41 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिका के जापान के साथ व्यापार समझौते की घोषणा के बाद वैश्विक रुझानों के अनुरूप कच्चे तेल की कम कीमतों और घरेलू शेयर बाजारों में भारी लिवाली से घरेलू मुद्रा को कुछ समर्थन मिला।

कमजोर रुख के साथ खुला : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 86.46 प्रति डॉलर पर कमजोर रुख के साथ खुला। यह कारोबार के दौरान 86.34 प्रति डॉलर के उच्चस्तर पर पहुंचा। अंत में यह 86.41 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 86.38 पर बंद हुआ था।

क्या कहते हैं विश्लेषक : मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा कि डॉलर में मजबूती और विदेशी पूंजी की निकासी से रुपया कमजोर हुआ। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में रातोंरात गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने गिरावट को सीमित रखा। डॉलर-रुपये के हाजिर भाव के 85.60 से 86.30 रुपये के दायरे में रहने के आसार हैं। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.16 पर पहुंच गया।

व्यापार वार्ता के नतीजों का इंतजार : विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक एक अगस्त की समयसीमा से पहले भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। यदि चर्चा विफल हो जाती है या इसमें देरी होती है तो भारतीय निर्यातकों को नए दबाव का सामना करना पड़ सकता है जिससे रुपये की चुनौतियां बढ़ जाएंगी।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in