डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे टूटा

rupee
रुपया
Published on

मुंबई : विदेशी कोषों की निरंतर निकासी और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 10 पैसे की गिरावट के साथ 88.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक धारणा और अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने हालांकि रुपये में तेज गिरावट पर रोक लगा दी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 88.09 पर खुला। दिन में 87.85 से 88.19 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार करने के बाद अंत में यह 88.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 10 पैसे की गिरावट है।रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे की तेजी के साथ 88.02 पर बंद हुआ था।

लगातार दबाव : फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, ‘‘ सुबह में बढ़त के बाद रुपये में गिरावट आई क्योंकि शेयर बाजार अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख पाए, जबकि भारतीय रिजर्व बैंक ने ऊंचे स्तर पर डॉलर बेचे...अमेरिकी शुल्क की चिंताएं और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी रुपये की धारणा पर लगातार दबाव बना रही है, जिससे रुपये में छिटपुट बढ़त के अलावा कोई सुधार नहीं दिख रहा है। माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में संशोधन के कारण सुबह-सुबह इसमें मामूली सुधार हुआ।’’

डॉलर सूचकांक : भंसाली ने कहा कि स्थानीय मुद्रा के 87.80 से 88.50 के बीच कारोबार करने का अनुमान है।इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.21 पर आ गया।

106.34 करोड़ रुपये के शेयर बेचे : घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 150.30 अंक की बढ़त के साथ 80,718.01 अंक पर और निफ्टी 19.25 अंक चढ़कर 24,734.30 अंक पर बंद हुआ।अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 1.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 66.88 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 106.34 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in