बैंक हड़ताल के बीच SBI की राहत, 28 से 30 सितंबर तक ATM ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा शुल्क

इसका उद्देश्य हड़ताल के संभावित असर के बावजूद ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैंक हड़ताल के बीच SBI की राहत, 28 से 30 सितंबर तक ATM ट्रांजैक्शन पर नहीं लगेगा शुल्क
Published on: 

नई दिल्ली : 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के बीच भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्राहकों को राहत देने का ऐलान किया है। बैंक ने कहा है कि हड़ताल की अवधि में किसी भी बैंक के ATM से किए गए ट्रांजैक्शन पर ग्राहकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसका उद्देश्य हड़ताल के संभावित असर के बावजूद ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

SBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि हड़ताल के दौरान भी ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए उसकी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। बैंक ने बताया कि 28 से 30 सितंबर 2026 के बीच किसी भी बैंक के ATM से किए गए लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लगाया जाएगा।

ग्राहकों की सुविधा के लिए SBI की सभी शाखाएं रविवार, 27 सितंबर को भी खुली रहेंगी। इसके अलावा UPI, IMPS, RTGS और NEFT जैसी डिजिटल भुगतान सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। इससे ग्राहकों को नकदी के अलावा ऑनलाइन माध्यम से भुगतान और धन हस्तांतरण की सुविधा मिलती रहेगी।

सरकार ने भी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को 27 सितंबर, रविवार को सामान्य रूप से संचालित करने की व्यवस्था की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस दिन बैंक शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को पूरी तरह संचालित रखने की अनुमति दी है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार को काम करेंगे। मंत्रालय ने बताया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत अवकाश होने के कारण बैंकिंग गतिविधियां लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकती थीं।

सरकार ने कहा है कि आम लोगों की सुविधा और जरूरी बैंकिंग सेवाओं की उपलब्धता प्राथमिकता है। इसी वजह से सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल स्थगित करने की अपील की है। साथ ही आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in