मौद्रिक नीति पर सुझाव के लिए आरबीआई ने तीन प्रमुख सर्वेक्षण शुरू किए

RBI_sanmarg
Published on: 

मुंबई : मौद्रिक नीति पर फैसला करने के लिए उपयोगी सुझाव प्राप्त करने को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक ने तीन प्रमुख सर्वेक्षण शुरू किए। आरबीआई आम तौर पर एक वित्त वर्ष में छह द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा करता है। पिछली बैठक इस महीने की शुरुआत में हुई थी। मौद्रिक नीति समिति की अगली बैठक 4-6 जून को होगी है। 

क्या है उद्देश्य : घरेलू मुद्रास्फीति प्रत्याशा सर्वेक्षण (आईईएसएच) के मई दौर का उद्देश्य 19 शहरों में व्यक्तिगत खपत के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव और मुद्रास्फीति पर व्यक्तिपरक आकलन करना है। केंद्रीय बैंक ने कहा कि शहरी उपभोक्ता विश्वास सर्वेक्षण (यूसीसीएस) सामान्य आर्थिक स्थिति, रोजगार स्थिति, मूल्य स्तर और परिवारों की आय और खर्च पर आधारित है। यह अध्ययन भी 19 शहरों में किया जाएगा।

ग्रामीण उपभोक्ता विश्वास सर्वेक्षण (आरसीसीएस) 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की सामान्य आर्थिक स्थिति, रोजगार स्थिति, समग्र मूल्य स्थिति, निजी आय और व्यय धारणाओं पर आधारित है। भारतीय रिजर्व बैंक नियमित रूप से ये सर्वेक्षण करता रहा है। आरबीआई ने कहा कि सर्वेक्षण के परिणाम मौद्रिक नीति के लिए उपयोगी सुझाव देते हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News