

मुंबई : भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने तीन दिवसीय परिवर्तनीय रेपो दर (वीआरआर) नीलामी के माध्यम से बैंकों में 25,101 करोड़ रुपये की अल्पकालिक नकदी डाली है। परिवर्तनीय रेपो दर नीलामी आरबीआई की बैंकों में अल्पकालिक नकदी डालने के लिए उपयोग की जाने वाली एक मौद्रिक नीति पहल है। निश्चित रेपो दर के उलट, वीआरआर में ब्याज दर नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से निर्धारित की जाती है, जिससे बैंकों को धनराशि के लिए बोली लगाने की अनुमति मिलती है।
घोषित राशि से काफी कम : आरबीआई ने कहा कि उसने 5.26 प्रतिशत की कट-ऑफ और भारित औसत दरों पर धनराशि डाली। अग्रिम कर भुगतान के कारण बैंकों में अतिरिक्त नकदी में तेज गिरावट आने के बावजूद डाली गई नकदी 75,000 करोड़ रुपये की घोषित राशि से काफी कम रही।
अतिरिक्त नकदी : बैंकिंग प्रणाली में 19 मार्च तक करीब 16,875.36 करोड़ रुपये की अतिरिक्त नकदी होने का अनुमान है।इससे पहले, केंद्रीय बैंक ने 17 मार्च को सात दिन की वीआरआर नीलामी के जरिए बैंकिंग प्रणाली में 48,014 करोड़ रुपये की नकदी डाली थी।