आरबीआई ने कॉल मनी के लिए बाजार समय बढ़ाया

RBI_sanmarg
Published on: 

मुंबई : तात्कालिक वित्तीय जरूरतों के लिए इस्तेमाल होने वाले कर्ज यानी ‘कॉल मनी’ का बाजार समय एक जुलाई से दो घंटे बढ़ाकर शाम सात बजे तक कर दिया जाएगा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने यह बात जानकारी दी। 

क्या है कॉल मनी : जब कोई बैंक अचानक नकदी की जरूरत आने पर किसी दूसरे बैंक से बहुत कम समय (अमूमन एक दिन) के लिए उधार लेता है तो उसे ‘कॉल मनी’ कहते हैं।

सिफारिशों के आधार पर किया फैसला : आरबीआई ने यह फैसला राधा श्याम राठो की अध्यक्षता में गठित कार्यसमूह की सिफारिशों के आधार पर किया है। यह समूह विनियमित वित्तीय बाजारों के व्यापार एवं निपटान के समय की व्यापक समीक्षा करने के लिए बनाया गया था। केंद्रीय बैंक ने कहा, अब कॉल मनी का संशोधित बाजार समय सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक होगा। इसके साथ ही मार्केट रेपो और त्रिपक्षीय रेपो (टीआरईपी) के कारोबारी घंटे भी एक अगस्त, 2025 से शाम चार बजे तक बढ़ा दिए जाएंगे। संशोधित कारोबारी घंटे सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होंगे।

फिलहाल मार्केट रेपो और टीआरईपी खंड क्रमशः दोपहर 2.30 बजे और दोपहर तीन बजे बंद होते हैं, जबकि कॉल मनी बाजार शाम पांच बजे बंद होता है। सरकारी प्रतिभूति बाजार, विदेशी मुद्रा बाजार और ब्याज दर डेरिवेटिव बाजार के लिए कारोबारी घंटे अपरिवर्तित रहेंगे। रिजर्व बैंक ने कहा कि कार्यसमूह की अन्य सिफारिशें विचाराधीन हैं और उनपर निर्णय उचित समय पर लिए जाएंगे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News