IPO से 27,000 करोड़ रुपये जुटाए

मुख्य एक्सचेंजों पर 236 आईपीओ प्रस्ताव लंबित, सेबी से 163 को मंजूरी; टर्टलमिंट, एडविट ज्वेल्स, ज़ेप्टो और एसबीआई म्यूचुअल फंड जैसे बड़े निर्गमों से बाजार में नई हलचल की तैयारी
Internet
IPO
Published on

नयी दिल्ली : भारत के प्राथमिक बाजार में 2025 में शानदार प्रदर्शन रहने के बाद अब 2026 में सुस्ती आई है और अब तक 23 कंपनियों ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के जरिये 27,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम जुटाई है। ‘इक्विरस कैपिटल’ की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। इससे पहले 2025 में 103 IPO लाए गए थे, जिसमें कुल मिलाकर 1.76 लाख करोड़ रुपये जुटाए गए। यह राशि 2024 में 90 कंपनियों द्वारा जुटाए गए 1.6 लाख करोड़ और 2023 में 57 कंपनियों द्वारा जुटाए गए 49,436 करोड़ से कहीं अधिक थीं। हालांकि, प्राथमिक बाजार में जल्द ही गतिविधियां तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

क्या है स्थिति : बीमा प्रौद्योगिकी कंपनी टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशंस और आभूषण क्षेत्र की कंपनी एडविट ज्वेल्स इस महीने अपने IPO लेकर आने वाली हैं। क्रूज पर्यटन क्षेत्र की कंपनी वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड भी इसी महीने अपना पहला सार्वजनिक निर्गम ला सकती है। टर्टलमिंट का IPO 19 जून और एडविट ज्वेल्स का IPO 23 जून को खुलेगा। वहीं, एनएसई के इस सप्ताह भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास सार्वजनिक निर्गम के लिए अपने शुरुआती कागज़ात दाखिल करने की उम्मीद है। त्वरित कॉमर्स क्षेत्र की कंपनी ज़ेप्टो और देश की सबसे बड़ी म्यूचुअल फंड कंपनी एसबीआई म्यूचुअल फंड भी अगले महीने IPO लाने की तैयारी में हैं।इस महीने सीएमआर ग्रीन टेक्नोलॉजीज और हेक्सागन न्यूट्रिशन अपने IPO पहले ही जारी कर चुकी हैं।

236 IPO प्रस्ताव विभिन्न चरणों में लंबित : मई 2026 तक मुख्य एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने के लिए 236 IPO प्रस्ताव विभिन्न चरणों में लंबित हैं। इनमें 163 प्रस्तावों को सेबी की मंजूरी मिल चुकी है, जबकि 73 प्रस्ताव नियामकीय टिप्पणियों की प्रतीक्षा में हैं। इक्विरस कैपिटल के अनुसार, 25 सितंबर, 2025 को IPO गतिविधियां अपने चरम पर थी, जब एक ही दिन में 25 सार्वजनिक निर्गम बाजार में आए थे। वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही (अप्रैल-जून) में अब तक केवल चार IPO आए हैं, जिनके जरिये 2,422 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। इसके मुकाबले पहली तिमाही में 19 IPO से 24,772 करोड़ रुपये और 2025 की चौथी तिमाही में 30 IPO से 91,058 करोड़ रुपये जुटाए गए थे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in