निफ्टी-500 कंपनी
बिजनेस
निफ्टी-500 कंपनियों का मुनाफा 3 साल में सबसे तेज
धातु, तेल एवं गैस तथा वित्तीय सेवा क्षेत्रों के मजबूत प्रदर्शन से कंपनियों की लाभप्रदता बढ़ी
मुंबई :
निफ्टी-500 सूचकांक में शामिल कंपनियों का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 32 प्रतिशत बढ़ा है जो 12 तिमाहियों की सबसे तेज वृद्धि दर है। धातु, तेल एवं गैस तथा वित्तीय सेवा क्षेत्रों के मजबूत प्रदर्शन से कंपनियों की लाभप्रदता बढ़ी। एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। ब्रोकरेज कंपनी मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की नवंबर माह की 'इंडिया स्ट्रैटेजी' रिपोर्ट के मुताबिक, निफ्टी-500 कंपनियों की बिक्री में 25 प्रतिशत और ब्याज, कर, मूल्यह्रास एवं परिशोधन से पहले की आय (ईबीआईटीडीए) में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई। निफ्टी-500 नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का व्यापक शेयर बाजार सूचकांक है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की बड़ी, मझोली और छोटी 500 कंपनियां शामिल हैं।
मेटल कंपनियों ने रिकॉर्ड तोड़ा
तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को छोड़कर देखें तो बिक्री, ईबीआईटीडीए और शुद्ध लाभ में क्रमशः 23 प्रतिशत, 23 प्रतिशत और 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। ओएमसी से इतर कंपनियों के लाभ में यह वृद्धि वित्त वर्ष 2021-22 के बाद किसी तिमाही में सबसे अधिक है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में इन कंपनियों का कुल लाभ 27 प्रतिशत बढ़ा। क्षेत्रवार प्रदर्शन में धातु क्षेत्र सबसे आगे रहा। इस क्षेत्र की कंपनियों का लाभ 76 प्रतिशत बढ़ा। वहीं, तेल एवं गैस क्षेत्र में 61 प्रतिशत और वित्तीय सेवा क्षेत्र में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन तीनों क्षेत्रों ने निफ्टी-500 कंपनियों के कुल अतिरिक्त लाभ में करीब 68 प्रतिशत योगदान दिया।अन्य क्षेत्रों में भी कंपनियों का प्रदर्शन अच्छा रहा। बिजली जैसे उपयोगिता वाले क्षेत्र का लाभ 46 प्रतिशत, सीमेंट क्षेत्र का 43 प्रतिशत, वाहन क्षेत्र का 34 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद क्षेत्र का 28 प्रतिशत बढ़ा। बैंकों और कर्ज देने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के लाभ में क्रमशः 20 प्रतिशत और 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई। हालांकि, उपभोक्ता कंपनियों के लाभ में केवल 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में 13 प्रतिशत और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। बाजार पूंजीकरण के आधार पर छोटी कंपनियों ने बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया। ओएमसी को छोड़कर छोटी कंपनियों का लाभ 34 प्रतिशत बढ़ा, जबकि बड़ी कंपनियों में 31 प्रतिशत और मझोली कंपनियों में 26 प्रतिशत की वृद्धि हुई। ब्रोकरेज फर्म ने भारतीय शेयर बाजार के परिदृश्य को लेकर सकारात्मक रुख बनाए रखा है। हालांकि, उसने कच्चे माल की लागत में दबाव, आपूर्ति श्रृंखला में बाधाओं और बाजार में उतार-चढ़ाव को जोखिम बताया है।

