Mumbai
ओली डॉट स्पेस

लेजर आधारित ड्रोन संचार प्रणाली के लिए ओली डॉट स्पेस को ठेका

ओली डॉट स्पेस 18 महीने के भीतर स्वदेशी रूप से जमीन और हवा में इस्तेमाल होने वाले FSOC (फ्री स्पेस ऑप्टिकल कम्युनिकेशन) टर्मिनल का डिजाइन तैयार कर उनका विकास करेगी
Published on: 

मुंबई :

पुणे की अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी कंपनी ओली डॉट स्पेस को रक्षा मंत्रालय के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) से ड्रोन के लिए लेजर आधारित संचार प्रणाली विकसित करने का ठेका मिला है। कंपनी ने कहा कि इस ठेके के तहत ओली डॉट स्पेस 18 महीने के भीतर स्वदेशी रूप से जमीन और हवा में इस्तेमाल होने वाले FSOC (फ्री स्पेस ऑप्टिकल कम्युनिकेशन) टर्मिनल का डिजाइन तैयार कर उनका विकास करेगी।

इन टर्मिनल में लेजर किरण को सही दिशा में केंद्रित करने, संपर्क स्थापित करने और ड्रोन की गति के अनुसार किरण की दिशा बदलने की स्वचालित क्षमता होगी। कंपनी के मुताबिक, इस प्रणाली के जरिये जमीन पर स्थित केंद्रों और उड़ते हुए ड्रोन के बीच सुरक्षित तरीके से तेज गति से आंकड़ों का आदान-प्रदान किया जा सकेगा।

कंपनी ने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान रेडियो संचार में बाधा डालने की तकनीक इतनी प्रभावी हो गई थी कि ड्रोन से संपर्क बनाए रखने के लिए उनके पीछे कई किलोमीटर लंबी फाइबर ऑप्टिक केबल लगाकर उड़ाया जाने लगा। उसने कहा कि केबल को रेडियो सिग्नल बाधित करके प्रभावित नहीं किया जा सकता, लेकिन इससे ड्रोन की उड़ान दूरी सीमित हो जाती है और केबल के उलझने या टूटने का खतरा रहता है।

कंपनी के सह-संस्थापक जेम्स सोलोमन ने कहा, ‘चलते हुए ड्रोन के साथ लेजर संपर्क बनाए रखना संचार क्षेत्र की सबसे कठिन चुनौतियों में से एक है। दुनिया में गिनी-चुनी कंपनियां ही इस क्षमता पर काम कर रही हैं और ओली.स्पेस उनमें शामिल है। हमने एक साल पहले यह कार्यक्रम शुरू किया था। यह आत्मनिर्भर भारत का उदाहरण है, जहां अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी देश में विकसित की जा रही है और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रही है।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News