

मुंबई : नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) को बोली के दूसरे दिन शुक्रवार को पूरी तरह सब्सक्राइब कर लिया गया। गुरुवार को खुले इस इश्यू को पहले दिन 43 प्रतिशत से अधिक सब्सक्रिप्शन मिला था। NSE ने IPO के लिए 1,700 से 1,785 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। न्यूनतम आठ शेयरों के लिए आवेदन किया जा सकता है।
कंपनी इस IPO के जरिए 22,568 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रही है। यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) है, जिसमें मौजूदा शेयरधारक 12.64 करोड़ तक इक्विटी शेयर बेच रहे हैं। शुक्रवार दोपहर 2:55 बजे तक 8.88 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि 8.86 करोड़ शेयरों की पेशकश की गई थी।
गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा 1.35 गुना और योग्य संस्थागत खरीदारों (QIB) का हिस्सा 1.32 गुना सब्सक्राइब हुआ। कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा 1.36 प्रतिशत और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 65 प्रतिशत भरा था। IPO के लिए आवेदन 21 सितंबर को बंद होंगे।
1992 में स्थापित NSE देश का सबसे बड़ा शेयर बाजार और प्रमुख बहु-एसेट एक्सचेंज प्लेटफॉर्म है। कंपनी ट्रेडिंग, क्लियरिंग, सेटलमेंट, लिस्टिंग, मार्केट डेटा और इंडेक्स सेवाओं सहित कई क्षेत्रों में काम करती है।
IPO से पहले NSE ने 189 एंकर निवेशकों से 6,746 करोड़ रुपये से अधिक जुटाए थे। जून 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 3,210.08 करोड़ रुपये और राजस्व 5,252.17 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 10,302.06 करोड़ रुपये रहा।
ग्रे मार्केट में NSE के शेयर का प्रीमियम करीब 145-150 रुपये बताया जा रहा था। शेयरों की लिस्टिंग 24 सितंबर को केवल BSE पर होने की उम्मीद है।