15 लाख करोड़ डॉलर की कंपनियां चला रहे NRI

सुंदर पिचाई टॉप पर, नडेला दूसरे नंबर पर
Mumbai
बाजार में AI के इस्तेमाल में तेजी से इन कंपनियों का मूल्यांकन बढ़ा है
Published on: 

मुंबई : भारतीय मूल के लोगों के नेतृत्व वाली शीर्ष वैश्विक कंपनियों का कुल मूल्यांकन कृत्रिम मेधा (AI) क्षेत्र में तेजी के दम पर 53 प्रतिशत बढ़कर 15 लाख करोड़ डॉलर हो गया है। एचएसबीसी हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026 के अनुसार, बाजार में AI के इस्तेमाल में तेजी से इन कंपनियों का मूल्यांकन बढ़ा है। 2 साल पहले इन कंपनियों का कुल मूल्यांकन 9.9 लाख करोड़ डॉलर था।

रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा सूची में सुंदर पिचाई शीर्ष पर हैं। उनके नेतृत्व वाली कंपनी अल्फाबेट का मूल्यांकन 4.2 लाख करोड़ डॉलर है, जो सूची में शामिल कंपनियों में सबसे अधिक है। मौजूदा सूची तैयार करने में 25 जून तक के आंकड़े शामिल किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला 2.6 लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा 1.4 लाख करोड़ डॉलर के मूल्यांकन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

200 में से 103 कंपनियां AI वाली

रिपोर्ट में कहा गया कि सूची में शामिल 200 कंपनियों में से 103 कंपनियां AI आधारित हैं या अपने कारोबार में AI का इस्तेमाल करती हैं। इन कंपनियों का कुल मूल्यांकन 10.7 लाख करोड़ डॉलर है, जो सूची में शामिल सभी कंपनियों के कुल मूल्यांकन का 71 प्रतिशत है।

इन कंपनियों का सालाना राजस्व 2.5 लाख करोड़ डॉलर है और इनमें 53 लाख लोग काम करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इस साल की सूची में 76 कंपनियां पहली बार शामिल हुई हैं। सूची की 200 कंपनियों में से 127 शेयर बाजारों में सूचीबद्ध हैं जबकि शेष 73 निजी कंपनियां हैं। इस सूची में 49 स्टार्टअप भी शामिल हैं जिनका कुल मूल्यांकन 398 अरब डॉलर है।

न्यूनतम मूल्यांकन सीमा बढ़ी

रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा सूची में जगह बनाने के लिए न्यूनतम मूल्यांकन की सीमा बढ़कर 2.5 अरब डॉलर हो गई है। दो साल पहले पिछली सूची में शामिल होने के लिए यह सीमा 1.2 अरब डॉलर थी। सूची में शामिल 200 कंपनियों का नेतृत्व करने वाले 236 लोगों में से 53 प्रतिशत पिचाई और नडेला जैसे पेशेवर हैं, जबकि 44 प्रतिशत पहली पीढ़ी के उद्यमी हैं। शेष तीन प्रतिशत दूसरी पीढ़ी के नेतृत्वकर्ता हैं।

सूची में शामिल लोगों में से 177 अमेरिका में रहते हैं। इनमें एक-तिहाई से अधिक केवल कैलिफोर्निया में रहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सूची में शामिल भारतीय मूल के कारोबारियों में सबसे अधिक 40 सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं। इसके बाद दुबई में 15 तथा पालो ऑल्टो (कैलिफोर्निया का शहर) और लंदन में 13-13 लोग रहते हैं।

सूची के अनुसार, स्नातक स्तर की पढ़ाई के संस्थान के लिहाज से आईआईटी दिल्ली के सबसे अधिक 15 लोग इसमें शामिल हैं, जबकि स्नातकोत्तर संस्थानों में स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय के सबसे अधिक 19 लोग सूची में हैं।

हुरुन इंडिया के संस्थापक एवं मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा, ‘वैश्विक स्तर पर भारतीय मूल के लोगों की पहुंच ऐसी है जिसका अनुभव अधिकतर लोग बिना इसका एहसास किए करते हैं।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News