New Delhi
सम्मेलन का विषय ‘भारत 2047’ रखा गया

आज फिक्की के वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे मोदी

प्रधानमंत्री इस मौके पर उद्योग जगत के प्रमुखों और नीति निर्माताओं को संबोधित करेंगे
Published on: 

नयी दिल्ली :

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार यानी 19 नवंबर को फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) की सालाना आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर उद्योग जगत के प्रमुखों और नीति निर्माताओं को संबोधित करेंगे। सम्मेलन का विषय ‘भारत 2047’ रखा गया है, जिसमें देश की दीर्घकालिक आर्थिक महत्वाकांक्षाओं पर चर्चा होगी। यहां भारत मंडपम में सुबह करीब 11 बजे शुरू होने वाले इस सम्मेलन में 2,500 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इनमें कंपनियों के प्रमुख, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), राजदूत, राजनयिक और नीति-निर्माता शामिल होंगे। यह आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि फिक्की 2026-27 में अपने स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इसकी स्थापना सात अप्रैल, 1927 को हुई थी। आजादी से पहले स्थापित फिक्की ऐसे समय में बना था, जब आर्थिक नीति निर्धारण में भारतीय कारोबारियों की भागीदारी सीमित थी। आजादी के बाद से यह उद्योग मंडल देश के आर्थिक विकास और वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ उसके बढ़ते जुड़ाव में भूमिका निभाता रहा है।
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News