महिंद्रा एसयूवी की कीमतें फिर बढ़ा सकती है कंपनी, दो हफ्ते में फैसला

कंपनी अगले दो तिमाहियों में कई नए उत्पाद बदलाव करेगी और दो नए मॉडल भी बाजार में उतारेगी।
महिंद्रा एसयूवी की कीमतें फिर बढ़ा सकती है कंपनी, दो हफ्ते में फैसला
Published on: 

नई दिल्ली : महिंद्रा एंड महिंद्रा अपने स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) मॉडल की कीमतों में एक और बढ़ोतरी पर विचार कर रही है। जिंसों की लागत में हालिया वृद्धि को देखते हुए कंपनी अगले दो सप्ताह में फैसला कर सकती है। कंपनी के वाहन प्रभाग के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि इस साल जनवरी, अप्रैल और जुलाई में पहले ही तीन बार कीमतें बढ़ाई जा चुकी हैं।

जुलाई में एसयूवी की कीमतों में करीब 2.7 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। इसके बावजूद कंपनी को ग्राहकों की पूछताछ और बुकिंग में फिलहाल कोई खास कमी नहीं दिखी है। गोल्लागुंटा ने कहा कि जीएसटी में कटौती से पहले की तुलना में महिंद्रा के वाहन अभी भी कम कीमत पर उपलब्ध हैं, जिससे मांग मजबूत बनी हुई है।

कंपनी को आगामी त्योहारी सीजन में भी वाहन बाजार में अच्छी मांग की उम्मीद है। इसके पीछे जीएसटी कटौती के बाद कीमतों में आई कमी और कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो में बदलाव को प्रमुख वजह बताया गया है।

हाइब्रिड वाहनों को लेकर गोल्लागुंटा ने कहा कि फिलहाल महिंद्रा का मुख्य ध्यान इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) पर है। यदि भविष्य में नियामकीय व्यवस्था बदलती है तो कंपनी उसके अनुसार रणनीति में बदलाव कर सकती है, लेकिन मौजूदा समय में बिजलीचालित वाहन प्राथमिकता हैं।

उत्पादन क्षमता के मोर्चे पर कंपनी के पास अभी हर महीने करीब 60,000 पारंपरिक इंजन (आईसीई) वाहन और 8,000 ईवी बनाने की क्षमता है। मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत तक आईसीई क्षमता बढ़ाकर 70,000 और ईवी क्षमता 12,000 वाहन प्रति माह करने की योजना है। इससे कुल मासिक उत्पादन क्षमता करीब 84,000 वाहन हो जाएगी।

गोल्लागुंटा ने कहा कि कंपनी अगले दो तिमाहियों में कई नए उत्पाद बदलाव करेगी और दो नए मॉडल भी बाजार में उतारेगी। ऐसे में कंपनी के सामने लागत बढ़ने और मजबूत मांग के बीच कीमतों का संतुलन बनाए रखने की चुनौती रहेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in