अगले सप्ताह छह कंपनियों के आईपीओ, 3,825 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य

सभी निर्गम 22 से 28 सितंबर के बीच खुलेंगे, जबकि ज्यादातर 23 सितंबर को खुलेंगे।
अगले सप्ताह छह कंपनियों के आईपीओ, 3,825 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
Published on

नई दिल्ली : प्राथमिक बाजार में अगले सप्ताह हलचल जारी रहने वाली है। छह कंपनियां मुख्य मंच के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये कुल करीब 3,825 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार में उतरेंगी। इनमें एलिवेट कैंपसेस और वर्मोरा ग्रैनिटो प्रमुख हैं। सभी निर्गम 22 से 28 सितंबर के बीच खुलेंगे, जबकि ज्यादातर 23 सितंबर को खुलेंगे।

इन कंपनियों के आएंगे IPO

हिलहाउस इन्वेस्टमेंट समर्थित एलिवेट कैंपसेस का 2,100 करोड़ रुपये का आईपीओ 23 सितंबर को खुलेगा और 25 सितंबर को बंद होगा। इसके लिए प्रति शेयर 343 से 362 रुपये का मूल्य दायरा तय किया गया है। निर्गम पूरी तरह नए शेयरों का होगा, इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) नहीं है। शेयरों की सूचीबद्धता 30 सितंबर को प्रस्तावित है।

वर्मोरा ग्रैनिटो का 708 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 से 24 सितंबर तक खुलेगा। मूल्य दायरा 140 से 148 रुपये प्रति शेयर है। इसमें 320 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे, जबकि निवेशक कत्सुरा इन्वेस्टमेंट्स करीब 388 करोड़ रुपये के 2.62 करोड़ शेयरों की बिक्री पेशकश करेगी।

ए-वन स्टील्स इंडिया 24 से 28 सितंबर तक 405 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखेगी। इसका मूल्य दायरा 385-405 रुपये है। इसमें 355 करोड़ रुपये का नया निर्गम और प्रवर्तकों की 50 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश शामिल है।

अरमी इन्फोटेक का 300 करोड़ रुपये का आईपीओ 23 से 25 सितंबर तक खुलेगा। मूल्य दायरा 350-375 रुपये है और पूरा निर्गम नए शेयरों का होगा।

स्वस्तिका इन्फ्रा 23 से 25 सितंबर तक 161 करोड़ रुपये जुटाने के लिए आईपीओ लाएगी। इसका मूल्य दायरा 175-185 रुपये है। कंपनी बिजली वितरण और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए ईपीसी समाधान देती है।

एड्रॉयट इंडस्ट्रीज (इंडिया) का 151 करोड़ रुपये का निर्गम भी 23 से 25 सितंबर तक खुला रहेगा। इसके लिए 126-134 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया गया है।

सितंबर में आ चुके हैं 17 IPO

सितंबर में अब तक 17 आईपीओ आ चुके हैं। एनएसई और सोनासेलेक्शन इंडिया के निर्गम फिलहाल जारी हैं। नए निर्गमों के साथ 2026 में आईपीओ लाने वाली कंपनियों की संख्या 87 होने की उम्मीद है।

पैंटोमैथ कैपिटल के एमडी एवं सीईओ कामराज सिंह नेगी के अनुसार, इस साल अब तक आईपीओ से जुटाए गए 83,062 करोड़ रुपये में जुलाई-अगस्त की हिस्सेदारी करीब 60 प्रतिशत रही। रिपोर्ट के मुताबिक, 167 कंपनियों को सेबी की मंजूरी मिल चुकी है, जिनसे करीब 3.06 लाख करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं। अन्य 71 कंपनियों के आवेदन मंजूरी की प्रतीक्षा में हैं, जिनका अनुमानित निर्गम आकार 1.60 लाख करोड़ रुपये है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in