Mumbai
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार घटा

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.27 अरब डॉलर घटकर 719.75 अरब डॉलर पर

एफसीएनआर-बी योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई
Published on: 

मुंबई : देश का विदेशी मुद्रा भंडार 30 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 1.27 अरब डॉलर और गिरकर 719.75 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 5.01 अरब डॉलर घटकर 721.01 अरब डॉलर रहा था। प्रवासी भारतीयों की जमा पर विशेष रियायती अदला-बदली योजना (एफसीएनआर-बी) के तहत बड़ी मात्रा में विदेशी मुद्रा आने से 4 सितंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार अपने उच्चतम स्तर 785.71 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। इस योजना के जरिये बैंकों ने करीब 133 अरब डॉलर की रिकॉर्ड राशि जुटाई। हालांकि, योजना बंद होने के बाद से विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार गिरावट आ रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, एफसीएनआर (बी) संसाधनों का इस्तेमाल और डॉलर की बिक्री के जरिये RBI की ओर से रुपये को संभालने के लिए किए गए प्रयासों के कारण विदेशी मुद्रा भंडार में तेज गिरावट आई है। केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के अनुसार, 23 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का प्रमुख घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 1.35 अरब डॉलर बढ़कर 593.20 अरब डॉलर हो गईं। डॉलर के संदर्भ में व्यक्त विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है। RBI ने कहा कि समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 2.65 अरब डॉलर घटकर 103.15 अरब डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 27 लाख डॉलर बढ़कर 18.60 अरब डॉलर हो गए। आरबीआई के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में देश का आरक्षित जमा 40 लाख डॉलर घटकर 4.78 अरब डॉलर रह गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News