भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरी तरह तैयार, प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलने के बाद होगा लागू : गोयल

अमेरिका के विस्कॉन्सिन स्थित मिलवॉकी में 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक होगी जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता पूरी तरह तैयार, प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलने के बाद होगा लागू : गोयल
Published on: 

नई दिल्ली : वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया जा चुका है, लेकिन इसे तब लागू किया जाएगा, जब अमेरिका भारत को अपने बाजार में प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले उचित लाभ देगा।

भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका में शुल्क व्यवस्था में बदलाव के कारण समझौते को लेकर आगे बातचीत जारी रही है।

गोयल ने कहा कि भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘इसमें मैं अमेरिका को भी शामिल करता हूं, जिसने इसे लगभग पूरी तरह तैयार कर लिया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले सही और तुलनीय प्रतिस्पर्धात्मक लाभ हासिल करना होगा, ताकि हम समझौते को जल्द लागू कर सकें।’’

गोयल की यह टिप्पणी उनकी अमेरिकी यात्रा से पहले आई है। वह अमेरिका के विस्कॉन्सिन स्थित मिलवॉकी में 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक होने वाली जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए जाएंगे।

वह अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार समझौते की प्रगति पर चर्चा होने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in