व्यापार समझौते पर फिर से चर्चा शुरू करेंगे भारत, कनाडा

कनाडा और भारत, सीईपीए पर विचार कर रहे हैं
भारत, कनाडा
भारत, कनाडा
Published on: 

नयी दिल्ली : भारत और कनाडा प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते के लिए औपचारिक बातचीत फिर से शुरू करने के लिए अगले सप्ताह से चर्चा शुरू करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यह बात कही। कनाडा ने 2023 में भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत रोक दी थी। 2023 में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत के संभावित संबंध होने के कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के आरोपों के बाद दोनों देशों के संबंधों में तनाव उत्पन्न हुआ था। भारत ने ट्रूडो के आरोपों को ‘‘बेतुका’’ बताते हुए खारिज कर दिया था। मंत्री ने ‘फिक्की’ की वार्षिक आम बैठक में कहा, ‘ कनाडा और भारत, सीईपीए पर विचार कर रहे हैं। अगले सप्ताह वे इस पर बातचीत शुरू करने जा रहे हैं।’

व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते : व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) एक प्रकार का मुक्त व्यापार समझौता है जिसके तहत दो देश अपने बीच व्यापार की जाने वाली अधिकतम वस्तुओं पर सीमा शुल्क को या तो काफी कम कर देते हैं या समाप्त कर देते हैं। ये समझौते कुशल पेशेवरों की आवाजाही के मानदंडों को भी आसान बनाते हैं और निवेश आकर्षित करते हैं।

व्यापार की स्थिति : कनाडा को भारत का निर्यात 2024-25 में 9.8 प्रतिशत बढ़कर 4.22 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया जो 2023-24 में 3.84 अरब अमेरिकी डॉलर था। वहीं आयात 2.33 प्रतिशत घटकर 4.44 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया जो 2023-24 में 4.55 अरब अमेरिकी डॉलर था। जून में कनाडा के कनानसकीस में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपने कनाडाई समकक्ष मार्क कार्नी के साथ हुई बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में नई ऊर्जा आई। भारत और कनाडा के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार 2023 में 18.38 अरब अमेरिकी डॉलर का था। कनाडा में लगभग 29 लाख भारतीय प्रवासी और 4,27,000 से अधिक भारतीय छात्र हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in