

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में डॉलर के कमजोर होने तथा अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर बनी उम्मीदों के कारण 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतों में 300 रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसकी कीमत 1.65 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गयी। शुक्रवार को बाजार बंद होने के समय इसकी कीमत 1,64,900 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जो बढ़कर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। हालांकि, बाजार के जानकारों ने बताया कि चांदी की कीमतें 2,71,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रहीं।
क्या रहा कारण : विश्लेषकों ने कहा कि सर्राफा की कीमतों में यह तेजी भू-राजनीतिक तनाव में कमी, बॉन्ड प्रतिफल में नरमी और डॉलर के कमजोर होने के कारण आई। हालांकि, रुपये में आई मजबूती ने घरेलू बाजार में सोने की कीमतों में और अधिक उछाल को सीमित कर दिया। एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष, शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, सोने का कारोबार हल्के सकारात्मक रुख के साथ हुआ। हालांकि, रुपये में आई जोरदार मजबूती ने घरेलू कीमतों में होने वाली बढ़त को सीमित कर दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार ः अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 60.69 डॉलर या 1.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,570.07 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी तीन प्रतिशत से अधिक बढ़कर 78.18 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोने ने नए सप्ताह की शुरुआत सकारात्मक रुख के साथ की। पिछले सप्ताह हुई कुछ गिरावट की भरपाई करते हुए सोने की कीमतों में सुधार आया, क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बढ़ती उम्मीदों ने ऊर्जा की ऊंची कीमतों और महंगाई के दबाव से जुड़ी चिंताओं को कम कर दिया।’’