

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट आई। पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव के कारण सर्राफा बाजार में निवेशकों का उत्साह कम रहा और सोना 2,100 रुपये टूटकर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत बुधवार के बंद भाव 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से 2,100 टूटकर 1,53,900 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) रह गई। विश्लेषकों का कहना है कि पश्चिमी एशिया में लंबे समय से चल रहे तनाव ने ऊर्जा की ऊंची कीमतों और महंगाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
क्या है कारण : एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, मौजूदा गिरावट वृहद आर्थिक स्थिति और बाजार से जुड़े कई कारकों का नतीजा है। इनमें महंगाई को लेकर लगातार चिंता, ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों में बदलाव और अमेरिकी डॉलर व बॉन्ड प्रतिफल की मजबूती शामिल है।
चांदी के भाव : चांदी के भाव 2,45,700 रुपये (सभी कर सहित) प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सर्राफा बाजार की कारोबारी धारणा दबाव में रही।
कीमतों पर दबाव : हाजिर सोना 4,072.21 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि चांदी मामूली गिरावट के साथ 63.18 डॉलर प्रति औंस रह गई। यह गिरावट तब आई जब बृहस्पतिवार को यूरोपियन केंद्रीय बैंक ने अपनी मुख्य ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है, जिससे सख्त वैश्विक मौद्रिक नीति की संभावनाएं और मजबूत हुईं। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि निवेशक अगले सप्ताह अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा नीति को और सख्त किए जाने की संभावना को भी ध्यान में रख रहे हैं। ब्याज दरें बढ़ने की संभावना से कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव पड़ने की उम्मीद है।