मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ गौतम अडानी फिर बने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति

रोशनी नाडर देश की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं।
मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ गौतम अडानी फिर बने भारत के सबसे अमीर व्यक्ति
Published on

नई दिल्ली : M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार गौतम अडानी और उनका परिवार 9.23 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ फिर भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उन्होंने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा है, जिनके परिवार की कुल संपत्ति 8.63 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। दोनों परिवारों की संपत्ति में करीब 59,400 करोड़ रुपये का अंतर है।

अडानी की संपत्ति में सालाना 13 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई, जबकि अंबानी परिवार की संपत्ति 10 प्रतिशत घट गई। हुरुन के आंकड़ों के मुताबिक, 2022 के बाद से दोनों कारोबारी परिवारों ने पांच वर्षों में पांच बार शीर्ष स्थान बदला है।

रोशनी नाडर बनी हैं सबसे अमिर महिला

सूची में एलएन मित्तल और परिवार 3.39 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। उनकी संपत्ति में 93 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। साइरस पूनावाला और परिवार 3.03 लाख करोड़ रुपये के साथ चौथे तथा रोशनी नाडर मल्होत्रा और परिवार 2.79 लाख करोड़ रुपये के साथ पांचवें स्थान पर रहे। रोशनी नाडर देश की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं।

सूची में शा‌मिल हुए समीर मेहता

कुमार मंगलम बिड़ला और परिवार 2.69 लाख करोड़ रुपये के साथ छठे, सन फार्मा के दिलीप सांघवी 2.65 लाख करोड़ रुपये के साथ सातवें और विप्रो के अजीम प्रेमजी और परिवार 2.63 लाख करोड़ रुपये के साथ आठवें स्थान पर रहे। वेदांता के अनिल अग्रवाल और परिवार 2.08 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गए, जबकि टोरेंट फार्मास्युटिकल्स से जुड़े समीर मेहता और परिवार 1.89 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहली बार शीर्ष 10 में शामिल हुए।

अदाणी और अंबानी ने कई बार बदला है शीर्ष स्थान

हुरुन ने कहा, ‘‘पिछले पांच साल में गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी परिवार ने कई बार शीर्ष स्थान बदला है। अदाणी परिवार 2022 में शीर्ष पर रहा, 2023 में दूसरे स्थान पर खिसका, 2024 में फिर पहले स्थान पर पहुंचा, 2025 में दूसरे स्थान पर रहा और अब 2026 में फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।’’

सूची के मुताबिक, अदाणी परिवार की संपत्ति 2024 में 11.62 लाख करोड़ रुपये के शिखर पर पहुंची थी, जो 2025 में घटकर 8.15 लाख करोड़ रुपये रह गई लेकिन अब बढ़कर 9.23 लाख करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, अंबानी परिवार की संपत्ति 2017 के 2.58 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 10.15 लाख करोड़ रुपये हुई, लेकिन इसके बाद लगातार दो वर्षों में घटकर 8.63 लाख करोड़ रुपये रह गई।

भारत में कम-से-कम 1,000 करोड़ रुपये की संपत्ति वाले लोगों की संख्या बढ़कर 1,810 हो गई है, जो एक साल पहले की तुलना में 128 अधिक है। इन धनवान भारतीयों की कुल संपत्ति 12.8 प्रतिशत बढ़कर 187.5 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो करीब 1.96 लाख करोड़ डॉलर के बराबर है। भारत में डॉलर अरबपतियों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 391 हो गई है।

पहली बार एआई को किया गया शामिल

रिपोर्ट में पहली बार AI को अलग क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है। इस क्षेत्र के 19 लोगों की कुल संपत्ति 3.07 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। वहीं, 1,266 यानी करीब 70 प्रतिशत सूचीबद्ध उद्यमी स्व-निर्मित हैं।

शहरों में मुंबई 465 अमीरों के साथ पहले, नई दिल्ली 236 के साथ दूसरे और बेंगलुरु 129 के साथ तीसरे स्थान पर रहा। क्षेत्रवार देखें तो एयरोस्पेस एवं रक्षा क्षेत्र की संपत्ति में 69 प्रतिशत, जबकि औद्योगिक उत्पाद और ग्रीन एनर्जी में 31-31 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in