निवेशकों को शिक्षित करने में फ्रेश डेटा का इस्तेमाल नहीं : सेबी चेयरमैन

शैक्षिक उद्देश्यों के लिए अब केवल बाजार के पुराने डेटा का ही इस्तेमाल होगा
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय
सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय
Published on: 

मुंबई : बाजार नियामक सेबी के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने कहा कि बाजार नियामक जल्द ही निवेशकों को शिक्षित करने के लिए बाजार के फ्रेश डेटा के उपयोग पर रोक के लिए संबंधित नियमों में बदलाव करेगा। सेबी प्रमुख का यह बयान वित्तीय मामलों पर ऑनलाइन सामग्री साझा करने वाले 'इनफ्लुएंसर' अवधूत साठे पर जुर्माना लगाने और उनसे 546 करोड़ रुपये की वसूली का आदेश आने के कुछ दिनों बाद आया है।

सलाह देने की अनुमति नहीं : पांडेय ने कहा कि निवेशकों की शिक्षा से जुड़े नियमों में कोई कमी नहीं है लेकिन इस मामले में केवल समझ की कमी हो सकती है। उन्होंने देश के सबसे बड़े शेयर बाजार एनएसई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान संवाददाताओं से कहा, "हमारे नियम स्पष्ट रूप से कहते हैं कि किसी को भी शेयर खरीद-फरोख्त संबंधी सलाह देने की अनुमति नहीं है।"

पुराने आंकड़ों का ही इस्तेमाल : सेबी प्रमुख ने यह स्वीकार किया कि शैक्षिक उद्देश्यों के लिए बाजार के ताजा आंकड़ों के उपयोग से संबंधित बाजार नियामक के दो परिपत्रों में तालमेल नहीं है और सेबी जल्द ही इस मुद्दे का समाधान करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शैक्षिक उद्देश्यों के लिए अब केवल बाजार के पुराने डेटा का ही इस्तेमाल होगा और बाजार के अद्यतन स्थिति दर्शाने वाले डेटा का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News