जीएसटीएन ई-वे बिल
बिजनेस
अब मेट्रो रेल के लिए भी बनेंगे ई-वे बिल
जीएसटीएन माल एवं सेवा कर प्रणाली का सूचना प्रौद्योगिकी ढांचा संभालता है
नयी दिल्ली :
माल एवं सेवा कर नेटवर्क (जीएसटीएन) ने ई-वे बिल प्रणाली में मेट्रो रेल को परिवहन के नए माध्यम के रूप में शामिल किया है। जीएसटीएन ने कहा कि यह सुविधा फिलहाल 'एप्लिकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस' (API) उपयोगकर्ताओं के परीक्षण के लिए सैंडबॉक्स परिवेश में उपलब्ध करा दी गई है। इसे लाइव API परिवेश में शुरू करने की तारीख की घोषणा अलग से की जाएगी। जीएसटीएन माल एवं सेवा कर प्रणाली का सूचना प्रौद्योगिकी ढांचा संभालता है। यह सुविधा 26 अक्टूबर को जारी सरकारी अधिसूचना के बाद शुरू की गई है।
अब परिवहन के 5 माध्यम
इस बदलाव के साथ ई-वे बिल प्रणाली में अब सड़क, रेल, हवाई, जलपोत और मेट्रो सहित परिवहन के 5 माध्यम उपलब्ध होंगे। जीएसटी व्यवस्था के तहत 50,000 रुपये या उससे अधिक मूल्य के माल के अंतरराज्यीय और राज्य के भीतर परिवहन के लिए ई-वे बिल अनिवार्य है। जीएसटीएन ने 20 नवंबर को जारी एक परामर्श में कहा कि यह सुविधा वेब उपयोगकर्ताओं को ई-वे बिल बनाने और परिवहन संबंधी विवरण अपडेट करने के लिए उपलब्ध करा दी गई है।
ऐसे करनी होगी एंट्री
जीएसटीएन के अनुसार, मेट्रो के जरिए माल का परिवहन करने वाले उपयोगकर्ताओं को परिवहन के माध्यम के रूप में मेट्रो रेल चुनना होगा और अनिवार्य परिवहन दस्तावेज संख्या दर्ज करनी होगी। यह नया विकल्प वाहन संबंधी विवरण अपडेट करने के साथ-साथ एकीकृत ई-वे बिल बनाने और दोबारा बनाने के लिए भी उपलब्ध है। जीएसटीएन ने कहा, ‘API उपयोगकर्ताओं को सलाह दी गई है कि वे इस सुविधा के पूरी तरह लागू होने से पहले अपने सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करें और उनका परीक्षण पूरा कर लें।’ जीएसटी में API उपयोगकर्ता ऐसे कारोबारी या परिवहनकर्ता होते हैं, जो जीएसटी पोर्टल पर खुद लॉग इन करके काम करने के बजाय उससे जुड़े सॉफ्टवेयर के जरिए ई-वे बिल बनाते हैं और जीएसटी से जुड़ी अन्य गतिविधियां संचालित करते हैं।

