बैंक शेयरों में तगड़ी खरीदारी आने से बढ़कर बंद हुए घरेलू शेयर बाजार

अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीदें और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई
घरेलू शेयर बाजार
घरेलू शेयर बाजार
Published on

मुंबई : वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार बैंकों में तगड़ी खरीदारी आने से बढ़कर बंद हुए। पश्चिम एशिया संकट नरम पड़ने की संभावना, अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीदें और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। बीएसई का सेंसेक्स 918.60 अंक यानी 1.20 प्रतिशत चढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। एक समय सेंसेक्स 990.85 अंक उछलकर 77,622.50 के स्तर तक चला गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत बढ़कर 24,050.60 अंक पर पहुंच गया। बीएसई पर सूचीबद्ध 3,360 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 945 कंपनियों में गिरावट रही और 144 अन्य अपरिवर्तित रहे। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 4,230.7 अंक यानी 5.77 प्रतिशत की छलांग लगाई जबकि एनएसई निफ्टी में 1,337.5 अंक यानी 5.88 प्रतिशत की बढ़त रही। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.57 प्रतिशत बढ़कर 96.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

क्या रही स्थिति : सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।

निवेशकों का भरोसा बढ़ा : रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद से तेल की कीमतें नरम हुईं, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इससे भारत जैसे उभरते बाजारों में निवेश के प्रति रुझान मजबूत हुआ। बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.64 प्रतिशत जबकि मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.50 प्रतिशत की बढ़त में रहा। क्षेत्रवार सूचकांकों में वाहन खंड में सर्वाधिक 2.75 प्रतिशत की तेजी रही जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 2.27 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 2.20 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 2.19 प्रतिशत की बढ़त रही। इसके उलट, बीएसई आईटी और फोकस आईटी खंड नुकसान में रहे। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in