भारत और इटली द्विपक्षीय आर्थिक संबंध
बिजनेस
भारत, इटली के बीच साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा
इन मुद्दों पर रोम में भारत-इटली संयुक्त आर्थिक सहयोग आयोग (जेसीईसी) की बैठक में चर्चा हुई
नयी दिल्ली :
भारत और इटली ने द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को मजबूत करने के लिए दोनों देशों के उद्योगों से संयुक्त उद्यम, प्रौद्योगिकी साझेदारी और वैश्विक मूल्य शृंखला में एकीकरण की संभावनाएं तलाशने का आह्वान किया है। वाणिज्य मंत्रालय ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि दोनों देश वाहन एवं वैमानिकी, उद्योग 4.0, कृषि एवं कृषि-प्रौद्योगिकी, संपर्क सुविधा और ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, विज्ञान एवं नवाचार, संस्कृति एवं पर्यटन, कौशल विकास तथा उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार कर रहे हैं। इन मुद्दों पर बुधवार को रोम में भारत-इटली संयुक्त आर्थिक सहयोग आयोग (जेसीईसी) की बैठक में चर्चा हुई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री एंटोनियो ताजानी ने इस बैठक की सह-अध्यक्षता की। गोयल 17-18 नवंबर को इटली की आधिकारिक यात्रा पर थे। इस दौरान औषधि एवं रसायन, औद्योगिक मशीनरी एवं कृषि-खाद्य तथा वाहन क्षेत्र पर तीन क्षेत्रवार गोलमेज बैठकें भी आयोजित की गईं। वाहन क्षेत्र की बैठक में प्रतिभागियों ने इलेक्ट्रिक एवं अगली पीढ़ी की वाहन प्रौद्योगिकी, कलपुर्जों, शोध एवं नवाचार तथा टिकाऊ विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। मंत्रालय ने कहा कि तीनों गोलमेज बैठकों में प्रतिभागियों ने चर्चा को ठोस कारोबारी परिणामों में बदलने के लिए संयुक्त उद्यमों, निवेश साझेदारी और प्रौद्योगिकी साझा करने को महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

