

मुंबई : मजबूत वैश्विक रुझान के बीच बैंक, धातु एवं एफएमसीजी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से स्थानीय शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स 283.29 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 83,734.25 अंक पर बंद हुआ। एक समय यह 83,770.05 अंक के उच्च स्तर तक पहुंच गया था। एनएसई का निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.37 प्रतिशत बढ़कर 25,819.35 अंक पर बंद हुआ। बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 2,237 कंपनियों के शेयर चढ़कर बंद हुए जबकि 1,955 शेयरों में गिरावट रही और 191 अन्य अपरिवर्तित रहे।
क्या रही स्थिति : सेंसेक्स की कंपनियों में से टाटा स्टील, आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में प्रमुख रूप से बढ़त रही। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट रही। बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट 1.02 प्रतिशत चढ़ गया जबकि मिडकैप में 0.40 प्रतिशत की तेजी रही। क्षेत्रवार सूचकांकों में पीएसयू बैंक खंड 1.41 प्रतिशत चढ़ गया जबकि धातु खंड में 1.24 प्रतिशत, एफएमसीजी खंड में 1.16 प्रतिशत और पूंजीगत उत्पाद खंड में 0.89 प्रतिशत की बढ़त रही।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ : मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख (संपत्ति प्रबंधन) सिद्धार्थ खेमका ने कहा, पीएसयू और धातु शेयरों में मजबूती के दम पर घरेलू शेयर बाजारों ने लगातार तीसरे दिन बढ़त दर्ज की। विदेशी संस्थागत निवेशकों के खरीदार बने रहने से भी बाजार धारणा में सुधार रहा। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की एक प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि चीन, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार पारंपरिक चंद्र नववर्ष अवकाश के कारण बंद रहे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत बढ़कर 67.64 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।