अदाणी के छोटे बेटे जीत की हुई शादी

दस हजार करोड़ रुपये दान करेंगे
अदाणी के छोटे बेटे जीत की हुई शादी
Published on: 

अहमदाबाद/पणजीः अरबपति कारोबारी गौतम अदाणी के छोटे बेटे जीत शुक्रवार को अपनी मंगेतर दिवा शाह के साथ एक निजी पारंपरिक समारोह में शादी के बंधन में बंध गए। समारोह में उनके दोस्तों और परिवार के लोगों का एक छोटा समूह ही मौजूद था। गौतम अदाणी ने इस वैवाहिक समारोह को साधारण ढंग से संपन्न कराने को प्राथमिकता दी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और कौशल विकास में बुनियादी ढांचे के निर्माण सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए 10,000 करोड़ रुपये दान करने की घोषणा की।

शांतिग्राम में जैन परंपरा के अनुरूप की गई शादी के लिए बहुत कम संख्या में परिवार और दोस्तों को आमंत्रित किया गया था। शादी में किसी भी मशहूर हस्ती को आमंत्रित नहीं किया गया था। अदाणी शनिवार को कर्मचारियों के लिए एक भोज का आयोजन करेंगे।

अदाणी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'सर्वशक्तिमान ईश्वर के आशीर्वाद से जीत और दिवा आज शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।' उन्होंने कहा, 'यह एक छोटा और बेहद निजी समारोह था। इसलिए हम चाहते हुए भी सभी शुभचिंतकों को आमंत्रित नहीं कर सके, जिसके लिए मैं माफी चाहता हूं।' उन्होंने शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए नवविवाहित जोड़े के लिए आशीर्वाद और प्यार मांगा।

अदाणी के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्होंने 10,000 करोड़ रुपये दान करने का वादा किया है। यह राशि किफायती विश्वस्तरीय अस्पतालों और विद्यालयों के साथ ही कौशल विकास पर खर्च की जाएगी। इसके जरिये रोजगार के अवसर तैयार करने पर भी जोर होगा। शादी का जश्न दोपहर करीब दो बजे शुरू हुआ और पारंपरिक जैन एवं गुजराती संस्कारों के अनुरूप रस्में निभाई गईं। इसमें करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in