शेयर बाजार
बिजनेस
शेयर बाजार की दमदार वापसी
सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ
मुंबई :
घरेलू शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी लौटी। विदेशी निवेशकों की लिवाली, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, रुपये के इस साल के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचने और प्रमुख बैंक शेयरों में खरीदारी से बाजार में तेजी रही। सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,062.22 अंक यानी 2.50 प्रतिशत उछलकर 84,498.21 अंक पर पहुंच गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 602 अंक यानी 2.37 प्रतिशत चढ़कर 25,951.65 अंक तक पहुंच गया था। बाजार में इस तेजी के दम पर निवेशकों की पूंजी 3.49 लाख करोड़ रुपये उछलकर 5,12,48,042,.08 करोड़ रुपये (5.54 लाख करोड़ डॉलर) हो गई। सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 3.59 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.44 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन में 3.24 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 3.18 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 3.04 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 प्रतिशत गिरकर 91.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.43 प्रतिशत की गिरावट पर रहा जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक में 0.11 प्रतिशत की नरमी रही। बीएसई के क्षेत्रवार सूचकांकों में एफएमसीजी में सर्वाधिक 3.14 प्रतिशत की तेजी रही। शीर्ष-10 बैंक सूचकांक 2.28 प्रतिशत, निजी बैंक 2.22 प्रतिशत, वित्तीय सेवाएं 1.79 प्रतिशत, बैंकेक्स 1.74 प्रतिशत, स्वास्थ्य सेवा 1.46 प्रतिशत और बीमा सूचकांक 1.17 प्रतिशत चढ़ गए। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि एक दिन के अवकाश के बाद बाजार में तेजी के साथ खरीदारी लौटी और घरेलू शेयर बाजारों ने एशियाई बाजारों की कमजोरी को नजरअंदाज किया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। मंगलवार को गुरु नानक जयंती पर शेयर बाजार बंद रहे थे। रेलिगेयर ब्रोकिंग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजीत मिश्रा ने कहा, \"सोमवार की बिकवाली के बाद बुधवार को बाजार में जोरदार वापसी हुई और प्रमुख सूचकांक करीब दो प्रतिशत चढ़े। हालांकि, सोमवार के उच्च स्तर के आसपास मुनाफावसूली से तेजी कुछ सीमित हो गई। \" उन्होंने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये में मजबूती से बाजार को समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश में वैश्विक स्तर पर बदलाव का फायदा भारतीय बाजार को मिला। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 6.16 प्रतिशत, जापान का निक्की 225 2.78 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 2.03 प्रतिशत और हांगकांग का हैंगसेंग 1.14 प्रतिशत गिरकर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में कारोबार के दौरान मामूली तेजी रही। अमेरिकी शेयर बाजार के अधिकांश सूचकांक मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। नैस्डैक कंपोजिट 1.48 प्रतिशत और एसएंडपी 500 सूचकांक 0.50 प्रतिशत गिरा, जबकि डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.85 प्रतिशत चढ़ा। सोमवार को सेंसेक्स 1,483.72 अंक यानी 1.77 प्रतिशत गिरकर 82,435.99 अंक और निफ्टी 450.95 अंक यानी 1.75 प्रतिशत टूटकर 25,349.65 अंक पर बंद हुआ था।

